हाथरस में 26 दिन बाद समाप्त हुई अधिवक्ता, दस्तावेज लेखकों की हड़ताल
हाथरस, 04 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हाथरस जिले के सादाबाद तहसील में पिछले 26 दिनों से जारी दस्तावेज लेखक, अधिवक्ता, टाइपिस्ट, मुंशियों और स्टांप वेंडरों की हड़ताल शनिवार को समाप्त हो गई है। सोमवार से तहसील परिसर में दस्तावेज लेखन और रजिस्ट्री संबंधी सभी कार्य सामान्य रूप से फिर से शुरू हो जाएंगे। हड़ताल उत्तर प्रदेश सरकार के 4 जून को ई-रजिस्ट्री व्यवस्था लागू करने के निर्णय के विरोध में की गई थी।
प्रदेश भर के दस्तावेज लेखक, अधिवक्ता, टाइपिस्ट और मुंशी इस व्यवस्था के खिलाफ आंदोलन कर रहे थे। आरोप था कि ई-रजिस्ट्री की नई प्रणाली से हजारों लोगों के सामने रोजगार का संकट पैदा होगा और पारंपरिक दस्तावेज लेखन व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित होगी। दस्तावेज लेखक संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि सरकार ने 29 जून को संबंधित आदेश को निरस्त कर दिया है। इसके साथ ही, वर्ष 2024 के ई-रजिस्ट्री शासनादेश में मौजूद कमियों को दूर करने के लिए आईजी स्टांप को एक प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
इस प्रस्ताव में अधिवक्ताओं और दस्तावेज लेखकों की भूमिका एवं उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक संशोधन करने की बात कही गई है। सरकार के इस निर्णय के बाद सादाबाद तहसील के सभी दस्तावेज लेखक, अधिवक्ता, टाइपिस्ट, मुंशी और स्टांप वेंडर एकमत हुए। उन्होंने 26 दिनों से जारी अपनी हड़ताल को स्थगित करने का फैसला लिया। हड़ताल समाप्त होने से तहसील परिसर में लंबे समय से ठप पड़े कार्यों के दोबारा शुरू होने की उम्मीद है, जिससे आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी। संगठन की बैठक में पूर्व सहायक लेखा परीक्षक श्याम सुंदर गिरी, अध्यक्ष राजकुमार दीक्षित, अशोक कुमार, हजारीलाल सक्सेना, शंकरलाल गोला, विनोद बाबू, बीपी सिंह, यश जायसवाल, तपन जोहर और दीपू शर्मा सहित बड़ी संख्या में दस्तावेज लेखक उपस्थित थे।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना