हाथरस का लापता अनुज 93 दिनों बाद परिजनों से मिला
हाथरस, 04 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सादाबाद क्षेत्र के गांव खेड़ा बरामई से 93 दिन से लापता 16 वर्षीय अनुज चौधरी बरामद हो गया है। शनिवार देर रात पुलिस की मौजूदगी में उसकी परिजनों से मुलाकात कराई गई। तीन महीने से अधिक समय बाद बेटे को सामने देखकर मां और बहन भावुक हो गईं। हालांकि, नाबालिग होने के कारण अनुज को अभी परिजनों के सुपुर्द नहीं किया गया है।
सादाबाद कोतवाली प्रभारी विजय कुमार सिंह ने रविवार को बताया कि अनुज को बरसाना क्षेत्र के एक आश्रम से बरामद किया गया है। नाबालिग होने के कारण बाल कल्याण समिति के नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। समिति के निर्देश के बाद ही उसे परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।
थाना प्रभारी ने बताया कि अनुज के लापता होने के बाद से ही परिजन उसकी तलाश में जुटे थे। उन्होंने पुलिस और अधिकारियों से बेटे की सकुशल बरामदगी की लगातार गुहार लगाई थी। शनिवार को अनुज के बरामद होने की सूचना मिलते ही परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई।
देर रात पुलिस ने अनुज की उसके परिजनों से मुलाकात कराई। लंबे अंतराल के बाद मां ने बेटे को सामने देखा तो उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। बहन भी भाई को देखकर भावुक हो गई। परिजनों ने अनुज से बातचीत कर उसका हाल जाना।
पुलिस के मुताबिक, नाबालिग अनुज को फिलहाल नियमानुसार संरक्षण में रखा गया है और बाल कल्याण समिति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसके संबंध में निर्णय लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना