भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी का लखनऊ, बाराबंकी और अयोध्या में जगह-जगह स्वागत, कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से लादा
लखनऊ, 31 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी का लखनऊ से बस्ती जाते समय मार्ग में पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा जगह-जगह स्वागत किया गया। राष्ट्रीय महामंत्री बनने के बाद प्रथम आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं में भारी उत्साह है। हरीश द्विवेदी ने सोमवार को लखनऊ से रवाना होकर बाराबंकी होते हुए अयोध्या हाेते हुए बस्ती के लिए प्रस्थान किया। इस दौरान पूरे रास्ते में जगह-जगह उनके स्वागत के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा।
लोहिया पार्क चौराहे पर उमड़ा कार्यकर्ताओं का हुजूम
इसी क्रम में राजधानी लखनऊ के लोहिया पार्क चौराहे पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने नेता का भव्य स्वागत किया। उत्साहित कार्यकर्ताओं ने गगनभेदी नारों के बीच हरीश द्विवेदी को फूल-मालाओं से लाद दिया। इस दौरान उपस्थित नेताओं ने उन्हें राष्ट्रीय महामंत्री बनाए जाने पर शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया और बधाई दी।
स्वागत समारोह के दौरान लोहिया पार्क चौराहे पर भारतीय जनता पार्टी के कई प्रमुख चेहरों में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ला, पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी, विधायक भूपेश चौबे, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष त्र्यंबक त्रिपाठी, सभासद रामकृष्ण यादव,राजेश सिंह गब्बर और सभासद रामकुमार वर्मा के अलावा कई अन्य सभासदों सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे
अयोध्या के बाद बस्ती जाएंगे हरीश द्विवेदी
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी का गृह जनपद बस्ती है। वह बस्ती से सांसद भी रहे हैं। लखनऊ से निकलने के बाद बाराबंकी की सीमा पर बाराबंकी के भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके अलावा अयोध्या जनपद में भी जगह-जगह पर उनके स्वागत की तैयारी की है। अयोध्या जनपद की सीमा में प्रवेश करने पर रुदौली के विधायक रामचंद्र यादव और भाजपा के जिला उपाध्यक्ष राजीव तिवारी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने रानीमऊ में उनका स्वागत किया। इसके बाद मवई चौराहा और भेलसर के पास कूड़ा सादात में हरीश द्विवेदी का रुदौली के भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इसके बाद उनका काफिला अयोध्या के लिए रवाना हो गया। लोहिया पुल पर बीकापुर विधायक अमित सिंह चौहान ने हरीश द्विवेदी का स्वागत किया। अयोध्या के बाद हरीश द्विवेदी बस्ती के लिए रवाना हो जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन