हरिदासजी ने प्रदान की बांकेबिहारी की अलौकिक छवि: हेमा मालिनी

 




-वृंदावन में 18-19 सितंबर को सजेगा स्वामी हरिदास संगीत एवं नृत्य महोत्सव, सांसद हेमा मालिनी ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस

मथुरा, 13 सितम्बर(हि.स.)। भारतीय शास्त्रीय संगीत के महान संवाहक स्वामी हरिदास की स्मृति में आयोजित होने वाले ‘स्वामी हरिदास संगीत एवं नृत्य महोत्सव’ की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। श्री राधाष्टमी और स्वामी हरिदास जी के आविर्भाव दिवस के अवसर पर यह दो दिवसीय भव्य आयोजन 18 और 19 सितंबर को रमणरेती स्थित वन महाराज कॉलेज में किया जाएगा। इसकी जानकारी रविवार सांसद हेमामालिनी ने पत्रकारवार्ता करके दी है।

स्थानीय सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि स्वामी हरिदासजी महाराज हमारी पवित्र ब्रजभूमि की वह महान विभूति हैं, जिन्होंने अपनी स्वर साधना से न केवल पूरी दुनिया को भारतीय संगीत से परिचित कराया, बल्कि ठाकुर श्रीबांके बिहारी जी महाराज जैसी अलौकिक छवि भी प्रदान की, जो दुनियाभर के कृष्ण भक्तों को आकर्षित करती है। उन्होंने कहा कि सम्राट अकबर को अपने सुरों से नतमस्तक करने वाले संत की याद में होने वाला यह आयोजन संस्कृति और संगीत प्रेमियों के लिए एक अद्भुत उपहार है।

पूर्व विधायक प्रदीप माथुर ने कार्यक्रम में कहा कि इस प्रतिष्ठित महोत्सव में पिछले ढाई दशकों से राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के कलाकार अपनी कला का जादू बिखेरते आ रहे हैं। संगीत शिरोमणि स्वामी हरिदास समिति के सचिव गोपी गोस्वामी ने बताया कि सांसद हेमा मालिनी के अथक प्रयासों से वृंदावन को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह का सुंदर उपहार मिला है।

संगीत शिरोमणि श्री स्वामी हरिदास समिति द्वारा आयोजित इस महोत्सव में इस बार कथक, शास्त्रीय गायन, संतूर, सितार, सूफी गायन और काव्य पाठ की मनमोहक प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी। पहला दिन 18 सितंबर को प्रसिद्ध कथक नर्तक पंडित विशाल कृष्ण अपनी टीम के साथ कथक की प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा, मध्य प्रदेश की प्रतिभाशाली बहनों संस्कृति एवं प्रकृति द्वारा संतूर व सितार वादन प्रस्तुत किया जाएगा।

शास्त्रीय गायन सुश्री मानली बोस द्वारा प्रस्तुत होगा, जिसमें तबले पर राम कुमार और हारमोनियम पर धर्मनाथ मिश्रा उनका साथ देंगे। दूसरा दिन 19 सितंबर को मुंबई की प्रसिद्ध सूफी गायिका सुश्री प्रियानी वाणी पंडित अपनी टीम के साथ सूफी गायन की प्रस्तुतियां देंगी। साथ ही देश के नामचीन कवि व कलाकारकृपद्मश्री डॉ. सुनील जोगी, शशिकांत यादव, शंभू शिखर, स्वयं श्रीवास्तव और मुमताज नसीम अपनी कविताओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राकेश चतुर्वेदी, संयोजक अनूप शर्मा और समन्वयक अभय वशिष्ठ ने बताया कि महोत्सव में प्रवेश के लिए आमंत्रण पत्र और ई-प्रवेश पत्र जारी किए गए हैं, जिन्हें समिति के आधिकारिक फेसबुक और इंस्टाग्राम पेज से डाउनलोड किया जा सकता है। समिति ने सभी संगीत प्रेमियों से कार्यक्रम में पहुंचकर इसका आनंद लेने की अपील की है।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार