शिक्षक दिवस : उप्र के 54 स्थलों पर 'गुरु वाटिका' स्थापित
लखनऊ, 05 सितंबर (हि.स.)। शिक्षकों के सम्मान में विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संस्कार विकसित कर उतरदायी नागरिक बनाने के दृष्टिगत शिक्षक दिवस के अवसर पर वन एवं वन्यजीव विभाग की ओर से पूरे प्रदेश में शिक्षक के नाम पौधरोपित कर 'गुरु वाटिका' स्थापित की गई। इस अवसर पर 54 स्थलों पर शिक्षकों के सम्मान में 'गुरु वाटिका' स्थापित कर 89516 पौधे रोपित किए गए।
शिक्षक दिवस' के अवसर पर बरेली कॉलेज में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में प्रदेश के वन मंत्री डा. अरुण कुमार सक्सेना ने अपने शिक्षकों के सम्मान में अमलतास का पौध रोपित किया। इस अवसर पर शिक्षकों, विद्यार्थियों, वरिष्ठ वनाधिकारियों तथा पर्यावरण प्रेमियों ने प्रतिभाग व पौध रोपित कर अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान प्रदर्शित किया।
वन विभाग के अनुसार, इस वर्ष वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत वनों व वृक्षों के प्रति जन संवेदना व जन जागरूकता विकसित कर वन को जन व जन को वन से जोड़ने के लिए समृद्ध वन, समरस वन, भाई-बहन वाटिका, वन्दे मातरम वाटिका, ऊर्जा वन, एक्सप्रेस-वे-वृक्षारोपण, अविरल धारा वृक्षारोपण, कपि वन एक्सप्रेस-वे- वृक्षारोपण सहित विभिन्न' वन व वाटिका विकसित की गयी हैं।
उक्त श्रंखला में शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यार्थी शिक्षक व अभिभावकगण एकजुट होकर अपने शिक्षक के नाम पौधरोपित कर शिक्षकों व प्रकृति के योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
'शिक्षक दिवस' के अवसर पर प्रत्येक जनपद में आयोजित कार्यकम में शिक्षकों, विद्यार्थियों व अभिभावकों ने गुरु व मां के सम्मान में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में फलदार व छायादार पौधे रोपित किये।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन