गुरु जीवन का सही मार्ग दिखाते हैं और संस्कारों का निर्माण करते हैं : बृजमोहन कुमार सिंह

 


कानपुर, 29 जुलाई (हि.स.)। हमारे जीवन में गुरु का स्थान सर्वोच्च होता है। गुरु केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि अज्ञान को दूर कर सही मार्ग दिखाते हैं, चरित्र का निर्माण करते हैं और अच्छे संस्कार प्रदान करते हैं। यह बातें बुधवार को बीएनएसडी शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य बृजमोहन कुमार सिंह ने गुरु पूर्णिमा समारोह में कहीं।

बीएनएसडी शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज, बेनाझाबर में गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन, सरस्वती वंदना और गुरु वंदना से हुई। छात्र-छात्राओं ने माल्यार्पण कर गुरुजनों का स्वागत किया तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों, कविताओं, गीतों और विचारों के माध्यम से उनके प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की।

समारोह में कक्षा 12 की छात्राओं ने गुरु प्रवर आपका अभिनंदन गीत प्रस्तुत किया। कक्षा 11 की छात्रा गौरी जायसवाल ने गुरु के महत्व पर अपने विचार रखे, जबकि कक्षा 12 के छात्र श्रेयांस ने स्वरचित कविता का पाठ किया। कक्षा 11 के छात्र क्षितिज ने अंग्रेजी में अपने विचार व्यक्त किए। इसके बाद कक्षा 12 के छात्रों ने गुरुवर तेरा सिर पर हाथ रहे अभिनय गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का समापन प्रखर त्रिपाठी द्वारा हे मेरे गुरुदेव गीत की प्रस्तुति के साथ हुआ।

प्रधानाचार्य बृजमोहन कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि माता-पिता जन्म देते हैं, जबकि गुरु ज्ञान देकर जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से गुरुजनों के आदर्शों का अनुसरण करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में उपप्रधानाचार्या मंजूबाला श्रीवास्तव, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। समारोह के बाद सभी विद्यार्थियों के लिए स्वल्पाहार का आयोजन किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप