भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने शिक्षकों से किया संवाद
लखनऊ, 05 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को राजधानी लखनऊ में अपने आवास पर गुरूजन संवाद कार्यक्रम के अन्तर्गत शिक्षकों के साथ संवाद किया और उन्हें सम्मानित किया।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने शिक्षकों का अभिनंदन करते हुए कहा कि महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति, भारत रत्न, डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयन्ती पर मनाए जाने वाले शिक्षक दिवस के अवसर पर सभी गुरूजनों को सादर नमन एवं शुभकामनाएं। चौधरी ने कहा कि गुरू गोविन्द दोऊ खडे़, काके लागूं पांय। बलिहारी गुरू आपने, गोविन्द दियो बताय से भारतीय संस्कृति में गुरू का स्थान सदैव सर्वोच्च माना गया है।
उन्होंने कहा कि शिक्षक वे शिल्पकार हैं, जो हमारी भावी पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करते हैं और विद्यार्थियों में ज्ञान, संस्कार, अनुशासन और आत्मविश्वास का दीप प्रज्वलित कर उन्हें आदर्श नागरिक और राष्ट्र नवनिर्माण के पथ पर अग्रसरित करते हैं। हमारी परम्परा गुरू के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता का प्रतीक है।
चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के माध्यम से भारत की शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण, रोजगारपरक एवं संस्कार युक्त बनाने की दिशा में महत्पूर्ण कदम उठाये गए हैं। जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, कौशल, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और राष्ट्र के प्रति दायित्वबोध का विकास करना है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राष्ट्रीय शिक्षा नीति से विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में शिक्षकों के परिश्रम, समर्पण एवं कर्तव्यनिष्ठा से देश के नौनिहालों को गढ़कर राष्ट्र के भविष्य को मजबूत आधार प्रदान करने के लिए आपसभी गुरूजनों को कृतज्ञतापूर्ण सादर नमन एवं अभिनंदन।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन