गुरु पूर्णिमा पर महर्षि देवराहा बाबा आश्रम में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब

 


देवरिया, 29 जुलाई (हि.स.)। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर देवरिया स्थित महर्षि देवराहा बाबा आश्रम में बुधवार काे श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही दूर-दराज के क्षेत्रों सहित पड़ोसी जिलाें से हजारों श्रद्धालु आश्रम पहुंचकर बाबा के चरणों में श्रद्धा-सुमन अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे आश्रम परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।

आश्रम में भजन-कीर्तन, सत्संग और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। श्रद्धालुओं ने बाबा के बताए मार्ग पर चलने तथा मानव सेवा, सद्भाव और आध्यात्मिक जीवन अपनाने का संकल्प लिया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। आश्रम परिसर और आसपास पुलिस बल तैनात रहा तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए। स्वयंसेवकों ने भी दर्शन व्यवस्था, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहयोग किया।

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। श्रद्धालुओं ने महर्षि देवराहा बाबा के प्रति अपनी गहरी आस्था व्यक्त करते हुए सुख-समृद्धि और समाज में शांति की कामना की। पूरे दिन आश्रम में श्रद्धालुओं का आवागमन जारी रहा और वातावरण जयघोष तथा भक्ति गीतों से गूंजता रहा।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक