दीपावली से पहले सफाई और मार्ग मरम्मत कार्यों में लापरवाही न हो : जिलाधिकारी

 


कानपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। दीपावली के मद्देनजर शहर में सफाई, कूड़ा उठाने और मार्ग मरम्मत के कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं होनी चाहिए। चिन्हित कूड़ा स्थलों को पूरी तरह समाप्त कराने के साथ अतिरिक्त कूड़े के उठान के लिए जरूरत के अनुसार संसाधन और कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जाए। यह निर्देश जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने सोमवार रात नगर आयुक्त और उप जिलाधिकारी सदर के साथ किए गए संयुक्त निरीक्षण के दौरान दिए।

देर रात अधिकारियों ने नगर निगम की ओर से कराए जा रहे मार्ग मरम्मत कार्यों का स्थलीय जायजा लिया। इस दौरान कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और मौके पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

इसके बाद में संयुक्त टीम ने कल्याणपुर रेलवे स्टेशन के पास चल रहे सफाई अभियान का निरीक्षण किया। क्षेत्र में सफाई व्यवस्था, कूड़ा उठान, उपलब्ध कर्मचारियों और संसाधनों के साथ चिन्हित कूड़ा संवेदनशील स्थलों की स्थिति देखी गई। अधिकारियों ने रेलवे के संबंधित विभागों से समन्वय कर ब्लॉक क्षेत्र समेत अन्य स्थानों से कूड़ा और अपशिष्ट तत्काल हटाने के निर्देश दिए।

बताया गया कि अब तक करीब नौ ट्रक यानी लगभग 81 मीट्रिक टन कूड़े का उठान और निस्तारण किया जा चुका है। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि सफाई अभियान प्रभावी रूप से जारी रखा जाए और एक सप्ताह बाद दोबारा स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्था का सत्यापन किया जाए। कूड़ा उठान में किसी तरह की शिथिलता न हो, इसके लिए जरूरत के अनुसार अतिरिक्त वाहन, कर्मचारी और अन्य संसाधन उपलब्ध कराने को कहा गया।

अधिकारियों ने क्षेत्र के चिन्हित कूड़ा संवेदनशील स्थलों को पूरी तरह समाप्त कराने और दोबारा वहां कूड़ा एकत्र न होने देने के निर्देश दिए। दीपावली के दौरान संभावित अतिरिक्त कूड़े को देखते हुए नियमित और प्रभावी उठान की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

कानपुर विश्वविद्यालय के पास स्थित चिन्हित कूड़ा स्थल को लेकर भी अधिकारियों ने निर्देश दिए कि इसे दोबारा कूड़ा अथवा अतिक्रमण का स्थान बनने से रोकने के लिए व्यवस्थित सड़क किनारे विक्रय क्षेत्र विकसित करने की कार्रवाई की जाए। नागरिकों और विक्रेताओं की सुविधा तथा यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पार्किंग और पैदल चलने के लिए फुटपाथ की व्यवस्था की कार्ययोजना तैयार करने को भी कहा गया।

इसके अलावा निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट के वैज्ञानिक प्रबंधन को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए गए। संबंधित प्रभारी अधिकारी को इसके संग्रहण, परिवहन, प्रसंस्करण और निस्तारण की मौजूदा व्यवस्था तथा प्रस्तावित व्यवस्था पर आधारित विस्तृत प्रस्तुतीकरण तैयार करने के निर्देश दिए गए। संबंधित संस्था या एजेंसी को बुलाकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में अलग से समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें स्पष्ट और समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम के संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता, मार्ग मरम्मत और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्य निर्धारित समयसीमा और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप