डेंगू मरीज मिलने के बाद मेडिकल काॅलेज में जांच और रोकथाम अभियान तेज : डॉ. हरि दत्त नेमी

 


कानपुर, 08 सितंबर (हि.स.)। डेंगू और अन्य संचारी रोगों की रोकथाम के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है। बुखार के मरीजों की जांच के साथ मच्छरों के प्रजनन स्थलों को खत्म करने और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। यह बातें मंगलवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरि दत्त नेमी ने कहीं।

गणेश शंकर विद्यार्थी मेडिकल काॅलेज (जीएसवीएम) के यूजी बालिका छात्रावास में डेंगू मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने बुखार सर्वेक्षण, जांच, सोर्स रिडक्शन और लार्वानाशक छिड़काव कराया। नोडल अधिकारी डॉ. राजेश्वर सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी अरुण कुमार सिंह, वरिष्ठ मलेरिया निरीक्षक प्रशान्त कुमार वर्मा, लैब टेक्नीशियन गणेश शंखवार, पाथ संस्था के क्षेत्रीय समन्वयक डॉ. शिवकांत और टीम ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

मलेरिया निरीक्षक प्रभा सोनकर की टीम ने मेडिकल कॉलेज के दो ब्लॉक और बाल छात्रावास के पांच ब्लॉक में अभियान चलाया। छात्रावास में मच्छरों के प्रजनन स्थलों की पहचान कर लार्वा नष्ट कराया गया। संबंधित लोगों को बचाव की जानकारी देते हुए तीन नोटिस भी जारी किए गए।

बाढ़ प्रभावित मेहरबान सिंह का पुरवा, बिधनू और तात्या टोपे नगर में स्वास्थ्य शिविरों और सोर्स रिडक्शन गतिविधियों का निरीक्षण किया गया। आश्रय स्थलों में रह रहे लोगों को संचारी रोगों से बचाव की जानकारी देने के निर्देश दिए गए। नगर निगम के सहयोग से प्रभावित क्षेत्रों में शाम के समय फॉगिंग कराने को भी कहा गया।

विभिन्न ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में 928 घरों का सर्वेक्षण कर 4,848 पात्रों की जांच की गई। इनमें 16 घरों में लार्वा मिला, जिसे मौके पर नष्ट कराया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में ब्लीचिंग पाउडर, इंडोर स्पेस स्प्रे और नालियों में लार्वानाशक का छिड़काव कराया गया।

नौगवां गौतम के शिविर में 52 मरीजों में 20 की मलेरिया-डेंगू जांच और सात नमूने डेंगू जांच के लिए एसएसएच भेजे गए। जीएसवीएम में पांच मरीजों की जांच कर पांच नमूने एसएसएच भेजे गए। मेहरबान सिंह का पुरवा में 64 मरीजों का परीक्षण हुआ, जिनमें आठ की जांच की गई। शिविरों में मलेरिया का कोई मरीज धनात्मक नहीं मिला।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से बुखार आने पर स्वयं दवा लेने के बजाय स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराने और घर-आसपास पानी जमा न होने देने की अपील की है। संचारी रोगों से संबंधित सूचना के लिए यूएचएम चिकित्सालय, परेड के कंट्रोल रूम के नंबर 0512-2333810, 9335301096 तथा नगर निगम कंट्रोल रूम के नंबर 0512-2526004 और 0512-2526005 पर संपर्क किया जा सकता है।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप