रेलवे ट्रैक पर पत्थरबाजी रोकने को जीआरपी का जागरूकता अभियान

 


कानपुर, 25 मई (हि.स.)। रेलवे ट्रैक पर पत्थरबाजी और ट्रैक अवरुद्ध करने की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जीआरपी ने विशेष जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस महानिदेशक रेलवे के निर्देश पर और पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज प्रशांत वर्मा की मॉनिटरिंग में सोमवार को जीआरपी कानपुर सेंट्रल ने सीपीसी कॉलोनी और कलेक्ट्रगंज क्षेत्र में चौपाल लगाकर लोगों को जागरूक किया। अभियान का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह ने किया।

पुलिस टीम ने लोगों को बताया कि ट्रेनों पर पत्थरबाजी करना और रेलवे ट्रैक पर अवरोध उत्पन्न करना गंभीर अपराध है। रेलवे अधिनियम की धारा 152 और 153 के तहत ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई और सजा का प्रावधान है। लोगों से अपील की गई कि वे अपने बच्चों को रेलवे ट्रैक के आसपास अनावश्यक रूप से जाने से रोकें और पड़ोसियों को भी जागरूक करें, ताकि इस तरह की घटनाएं न हों।

अभियान में चौकी प्रभारी जीआरपी झांसी अपित तिवारी, एसएसआई विनोद कुमार यादव, एसआई संदीप कुमार तिवारी, एसआई सुनील कुमार, एसआई मोहित कुमार, हेड कांस्टेबल सतेंद्र सिंह, रमेश सोनकर, कांस्टेबल सलवंत और आनंद कुमार शामिल रहे। पुलिस ने लोगों को रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139, जीआरपी कानपुर सेंट्रल के सीयूजी नंबर 9454404416 और पुलिस कंट्रोल नंबर 9454402546 पर किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने के लिए भी जागरूक किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप