यात्रा में बिछड़ी महिला व दो मासूम बच्चों को जीआरपी ने सकुशल मिलाया

 


कानपुर, 05 मार्च (हि.स.)। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर यात्रा के दौरान बिछड़ी एक महिला और दो मासूम बच्चों को जीआरपी ने तत्परता दिखाते हुए सकुशल बरामद कर परिजनों से मिला दिया। परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार जताया।

ग्राम बैकुंठ चिलवरिया, थाना कोतवाली देहात, जनपद बहराइच निवासी राज ने जीआरपी थाना कानपुर सेंट्रल में सूचना दी कि उनकी मां निर्मला, छोटी बहन खुशबू और दृष्टिहीन बहन नीतू खजुराहो से कानपुर सेंट्रल के बीच यात्रा के दौरान लापता हो गई हैं। काफी तलाश के बाद भी उनका पता नहीं चल सका।

सूचना मिलते ही जीआरपी टीम ने प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया और स्टेशन के आसपास सघन तलाशी अभियान चलाया। दर्जनों सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान एक महिला दो बच्चों के साथ स्टेशन के आउटर क्षेत्र की ओर जाती दिखाई दी। टीम ने मौके पर पहुंचकर तीनों को सुरक्षित अभिरक्षा में लिया। पहचान की पुष्टि के बाद महिला और बच्चों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। अपनों को सकुशल पाकर परिवार भावुक हो उठा।

जीआरपी प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह ने गुरुवार को बताया कि सूचना मिलते ही तत्काल टीम गठित कर तलाश शुरू की गई थी। यात्रियों की सुरक्षा और सहायता जीआरपी की प्राथमिकता है। भविष्य में भी इस प्रकार के मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप