यात्रा के दौरान लापता हुई किशोरी को जीआरपी ने पिता से मिलवाया
कानपुर, 03 नवंबर (हि.स.)। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को यात्रा के दौरान लापता हुई 16 वर्षीय किशोरी को जीआरपी ने तलाश कर सकुशल बरामद कर लिया। किशोरी स्टेशन के वेटिंग हॉल में अकेली मिली। पुलिस ने उसे उसके पिता के सुपुर्द कर दिया।
जीआरपी प्रभारी ओम नारायण सिंह ने बताया कि मिशन शक्ति और ऑपरेशन मुस्कान के तहत स्टेशन पर लगातार निगरानी की जा रही है। इसी दौरान एक यात्री ने थाना पहुंचकर अपनी बेटी के लापता होने की सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम को तत्काल तलाश में लगाया गया। टीम ने करीब 20 मिनट में किशोरी को सकुशल खोज निकाला और पिता से मिलवा दिया।
गाजीपुर जिले के सुहवल थाना क्षेत्र के सोनवल निवासी राज कुमार गुप्ता अपनी बेटी शिवानी के साथ यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान उनकी बेटी अचानक लापता हो गई। उन्होंने काफी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। इसके बाद वह जीआरपी थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी जानकारी दी।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्टेशन के प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, टिकट घर और यात्री प्रतीक्षालय में तलाश शुरू की। पुलिसकर्मियों ने किशोरी की पहचान और हुलिये के आधार पर खोजबीन की। करीब 20 मिनट बाद वह वेटिंग हॉल में अकेली मिल गई। पुलिस टीम उसे थाने लेकर पहुंची और पिता की सुपुर्दगी में दे दिया।
बेटी के सकुशल मिलने पर पिता ने राहत की सांस ली। उन्होंने जीआरपी पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए आभार जताया। तलाश करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मोहित कुमार, जितेंद्र मौर्य, संदीप कुमार तिवारी, अभिषेक शुक्ला और क्यूआरटी टीम शामिल रही।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप