जीआरपी झांसी ने बरामद किए 218 गुम मोबाइल, मोबाइल पाकर स्वामियाें के खिले चेहरे

 


झांसी, 25 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी जीआरपी ने विशेष अभियान चलाकर यात्रियों के गुम हुए 218 मोबाइल फोन बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 26 लाख 16 हजार रुपये बताई गई है। साेमवार को जीआरपी लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे।

रेलवे पुलिस अधीक्षक विपुल श्रीवास्तव ने बताया कि क्षेत्राधिकारी रेलवे के पर्यवेक्षण में क्राइम ब्रांच, सर्विलांस सेल और विभिन्न थानों की संयुक्त टीम गठित की गई थी। टीम ने आधुनिक सर्विलांस तकनीक का इस्तेमाल करते हुए उत्तर प्रदेश के कई जिलों के साथ-साथ अन्य राज्यों से भी मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए।

बरामद मोबाइलों में वनप्लस, सैमसंग, रेडमी, ओप्पो सहित कई नामी कंपनियों के महंगे स्मार्टफोन शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मोबाइलों को तकनीकी निगरानी और सर्विलांस के जरिए खोजा गया। इसके बाद मोबाइल धारकों से संपर्क कर उन्हें वापस सौंपा गया।

जीआरपी के अनुसार वर्ष 2026 में लगातार चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक कुल 612 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। इनमें 9 जनवरी 2026 को 170 मोबाइल बरामद किए गए थे, जिनकी कीमत लगभग 17 लाख 35 हजार रुपये थी। इसके बाद 24 मार्च 2026 को 227 मोबाइल फोन बरामद हुए, जिनकी कीमत करीब 27 लाख 24 हजार रुपये आंकी गई थी। वहीं अब 25 मई 2026 को 218 मोबाइल बरामद किए गए हैं, जिनकी कीमत लगभग 26 लाख 16 हजार रुपये बताई गई है।

इस तरह वर्ष 2026 में अब तक बरामद मोबाइलों की कुल कीमत लगभग 70 लाख 75 हजार रुपये पहुंच गई है। जीआरपी ने बताया कि यह विशेष अभियान डीजी रेलवे लखनऊ और आईजी रेलवे प्रयागराज के निर्देश पर लगातार चलाया जा रहा है। अभियान में सर्विलांस सेल प्रभारी बृजेंद्र सिंह सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया