दिल्ली से भागी नाबालिग को जीआरपी ने परिजनों को किया सुपुर्द, खिले चेहरे

 


कानपुर, 26 मई (हि.स.)। ऑपरेशन मुस्कान के तहत भटके और गुमशुदा बच्चों को सुरक्षित परिजनों तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है। यह बातें मंगलवार को जीआरपी कानपुर सेंट्रल के प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह ने कहीं।

जीआरपी कानपुर सेंट्रल पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक नाबालिग बालिका को सकुशल उसके परिजनों से मिलाया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं पुलिस उपाधीक्षक कानपुर दुष्यंत कुमार सिंह के निकट पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, टिकट घर और यात्री प्रतीक्षालय में चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 1/10 पर एक बालिका अकेली बैठी मिली। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपनी मां की डांट से नाराज होकर दिल्ली से कानपुर आ गई थी।

महिला आरक्षी विपिन यादव ने बालिका को अपनी सुपुर्दगी में लेकर महिला हेल्प डेस्क पर सुरक्षित बैठाया। बाद में उचित माध्यम से उसकी मां रूबीना को सूचना दी गई। परिजनों के कानपुर पहुंचने पर बालिका को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।

परिजनों ने जीआरपी कानपुर सेंट्रल पुलिस की तत्परता और संवेदनशील कार्यशैली की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप