जीआरपी कानपुर सेंट्रल ने 50 लाख से अधिक के मादक पदार्थ का कराया विनष्टीकरण
कानपुर, 30 जून (हि.स.)। ऑपरेशन दहन के तहत जीआरपी कानपुर सेंट्रल ने न्यायालय के आदेश पर एनडीपीएस एक्ट के चार मामलों में जब्त 63 किलो 315 ग्राम मादक पदार्थ का मंगलवार को नियमानुसार विनष्टीकरण (निस्तारण) कराया। नष्ट किए गए मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
जीआरपी कानपुर सेंट्रल के प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (जब्ती, भंडारण, नमूनाकरण और निपटान) नियम-2022 के तहत की गई। एक मार्च से 30 जून 2026 के बीच दर्ज चार मामलों में जब्त मादक पदार्थ से संबंधित प्रकरणों में कोई अपील, विचारण या रिवीजन लंबित न होने पर विशेष न्यायाधीश (एनडीपीएस एक्ट) के आदेश के अनुपालन में निस्तारण कराया गया।
विनष्टीकरण की कार्रवाई गठित समिति की मौजूदगी में भैरो घाट स्थित विद्युत शवदाह गृह में कराई गई। इस दौरान अपर पुलिस उपायुक्त मुख्यालय स्नेहा तिवारी, डिपोजल कमेटी के सदस्य उपनिरीक्षक सुधीर कुमार, उपनिरीक्षक मुकुंद लाल यादव, मुख्य आरक्षी शिव प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप