समूह सखियों ने सात सूत्रीय मांगों को लेकर किया प्रदर्शन, मानदेय बढ़ाकर 15 हजार रुपये करने की मांग

 




जौनपुर, 24 सितंबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में कलेक्ट्रेट परिसर में गुरुवार को समूह सखी कैडर संघ के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं ने सात सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष पुष्पा सरोज के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहीं समूह सखियों ने अपर मजिस्ट्रेट को मांगों से संबंधित पत्र सौंपा। उन्होंने चेतावनी दी कि 48 घंटे के भीतर मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे धरने पर बैठने को मजबूर होंगी।

जिलाध्यक्ष पुष्पा सरोज ने बताया कि समूह सखियां अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों में स्वयं सहायता समूहों का गठन और संचालन करती हैं। इसके अलावा समूह से जुड़े विभिन्न कार्यों की जिम्मेदारी भी निभाती हैं। इसके एवज में उन्हें प्रतिमाह दो हजार रुपये मानदेय दिया जाता है।समूह सखियों ने कहा कि दो हजार रुपये का मानदेय उनके काम और जिम्मेदारियों के मुकाबले बेहद कम है। इससे रोजमर्रा के खर्च, मोबाइल रिचार्ज और आवागमन का किराया तक पूरा नहीं हो पाता है। उन्होंने शासन से मानदेय बढ़ाने समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में मानदेय बढ़ाकर 15 हजार रुपये प्रतिमाह करना, कार्य के लिए टैबलेट उपलब्ध कराना, टैबलेट का रिचार्ज निशुल्क करना और यात्रा भत्ता देना शामिल है। इसके साथ ही समूह सखियों को स्थायी करने, निशुल्क इलाज और पांच लाख रुपये का बीमा कराने की भी मांग की गई।समूह सखियों ने काम के दौरान पहचान के लिए ड्रेस और आईडी कार्ड उपलब्ध कराने की मांग भी रखी। प्रदर्शन में मीनू सिंह, लक्ष्मी शर्मा, नीतू सिंह, सरिता यादव समेत बड़ी संख्या में समूह सखियां मौजूद रहीं

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव