हापुड़ में जयमाल के दौरान स्टेज पर गिरा दुल्हा, दोनों पक्षों का विवाद थाने पहुंचा

 


हापुड़ , 26 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में शनिवार देर रात को जयमाला कार्यक्रम के दौरान दूल्हा स्टेज पर गिर गया। घटना के तुरंत बाद दूल्हे को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। इधर लड़की पक्ष ने दूल्हे पक्ष के लोगों से झगड़ा शुरू कर दिया। लड़की वाले ने शादी से साफ इनकार कर दिया। दोनों पक्षों में मामला बढ़ा तो पुलिस को बीच-बचाव करना पड़ा।

सीओ सिटी वरुण मिश्रा ने बताया कि गाजियाबाद जिले के विजय नगर निवासी मिंटू की बारात बुलंदशहर रोड स्थित एक मैरिज हाल में आई थी। द्वारचार के बाद जयमाल का कार्यक्रम हो रहा था। इसी दौरान दूल्हे को चक्कर आया और वह स्टेज पर ही गिर पड़ा, जिससे शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। दुल्हन स्टेज पर घबरा गई और रोने लगी। सहेलियां और घर की महिलाओं ने उसे शांत कराया। परिजन दूल्हे को अस्पताल लेकर पहुंचे।

इधर, दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हे पर शराब के नशे में होने का आरोप लगाते हुए लड़के पक्ष के लोगों को पकड़ लिया। लड़की पक्ष के आरोपों को दूल्हे पक्ष ने गलत बताया, तो दोनों परिवार में विवाद शुरू हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू में किया।

दूल्हे के मित्र ललित शर्मा ने बताया कि मिंटू की हालत अब स्थिर है और चिंता की कोई बात नहीं है। पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई। दुल्हन पक्ष का कहना है कि दूल्हा पक्ष शुरू से ही इस शादी से खुश नहीं था। दहेज में स्कार्पियो कार की डिमांड की गई।

सीओ सिटी ने बताया कि दोनों पक्ष के लोग एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहा है। दूल्हे के पिता सहित चार आरोपितों को हिरासत में लेकर जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक