ग्रीनफील्ड हाईवे से कनेक्टिविटी और विकास को मिलेगी रफ्तार, डीपीआर स्वीकृत : रमेश अवस्थी

 


कानपुर, 17 मार्च (हि.स.)। कानपुर–कबरई ग्रीनफील्ड हाईवे से क्षेत्र की कनेक्टिविटी और विकास को नई रफ्तार मिलेगी। केंद्र सरकार ने इस परियोजना को मंजूरी देते हुए डीपीआर स्वीकृत कर दी है और क्रियान्वयन की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए हैं। जिससे क्षेत्रीय यातायात और विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है, यह जानकारी मंगलवार को सांसद रमेश अवस्थी ने दी।

कानपुर से कबरई तक प्रस्तावित ग्रीनफील्ड राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना को केंद्र सरकार से मंजूरी मिल गई है। सांसद रमेश अवस्थी द्वारा उठाए गए इस मुद्दे पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) को स्वीकृति प्रदान की है और परियोजना को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।

करीब 3700 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस नए मार्ग के लिए 78 गांवों में भूमि अधिग्रहण किया जाएगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

सांसद रमेश अवस्थी ने अपने पत्र के माध्यम से कानपुर–कबरई मार्ग पर बढ़ते यातायात दबाव, सड़क सुरक्षा और क्षेत्रीय विकास को ध्यान में रखते हुए ग्रीनफील्ड हाईवे निर्माण की आवश्यकता को केंद्र सरकार के समक्ष रखा था।

परियोजना के पूर्ण होने के बाद कानपुर और बुंदेलखंड क्षेत्र के बीच आवागमन तेज और सुरक्षित हो जाएगा। साथ ही, औद्योगिक विकास, व्यापारिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा।

ग्रीनफील्ड हाईवे के निर्माण से क्षेत्रीय बुनियादी ढांचे को नई दिशा मिलने के साथ-साथ आर्थिक विकास को भी गति मिलने की सम्भावना है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप