हाथरस : ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे पर मीरपुर से एंट्री प्वाइंट बनने से व्यापारिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा

 


हाथरस, 06 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस के सादाबाद क्षेत्र के आगरा-अलीगढ़ ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे पर मीरपुर से एंट्री-एग्जिट प्वाइंट बनाने की केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने स्वीकृति दे दी है।यह निर्णय सादाबाद के किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों की लंबे समय से चली आ रही मांग के बाद लिया गया है, जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और विकास के नए द्वार खुलेंगे।

क्षेत्र के लोगों को एक्सप्रेसवे पर प्रवेश और निकास की सुविधा न होने के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस मांग को लेकर किसानों ने कई बार ज्ञापन दिए थे और धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन व जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित किया था। जनभावनाओं को देखते हुए सादाबाद विधायक प्रदीप कुमार सिंह उर्फ गुड्डू भैया ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर मीरपुर के पास एंट्री-एग्जिट प्वाइंट बनाने का अनुरोध किया था। केंद्रीय मंत्रालय ने अब इस मांग को स्वीकार कर लिया है।

विधायक प्रदीप चौधरी ने शनिवार को इस स्वीकृति को सादाबाद क्षेत्र की जनता, किसानों और व्यापारियों की सामूहिक जीत बताया। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। एक्सप्रेसवे से सीधा जुड़ाव होने पर राया, सादाबाद और आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा होगी और उनके समय की बचत होगी।

विधायक ने आगे कहा कि एंट्री-एग्जिट प्वाइंट बनने से क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। कृषि उत्पादों का परिवहन आसान होगा, जिससे उद्योग और निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी। इससे स्थानीय रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे और क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी। क्षेत्र के किसानों और व्यापारियों ने भी इस निर्णय का स्वागत किया है। उन्होंने इसे सादाबाद के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। लोगों का कहना है कि एक्सप्रेसवे से सीधे जुड़ने के बाद क्षेत्र की पहचान और आर्थिक गतिविधियां दोनों मजबूत होंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना