श्रीराधा रानी ब्रज चौरासी कोस यात्रा का होली गेट पर भव्य स्वागत
आरती उतारकर संतों एवं पदयात्रियों का किया अभिनंदन
मथुरा, 15 नवम्बर (हि.स.)। ब्रज की आध्यात्मिक चेतना, धार्मिक परंपराओं एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर निकली श्रीराधा रानी ब्रज चौरासी कोस यात्रा रविवार दोपहर मथुरा के होली गेट पहुंची। यहां भगवान परशुराम शोभायात्रा समिति एवं श्रीवामन भगवान महोत्सव समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने संतों एवं पदयात्रियों की आरती उतारकर तथा दुपट्टा ओढ़ाकर आत्मीय अभिनंदन किया।
इस अवसर पर भगवान परशुराम शोभायात्रा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित रामगोपाल शर्मा ने कहा कि ब्रज की संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और प्राकृतिक विरासत का संरक्षण हम सभी का सामूहिक दायित्व है। ब्रज के वन, पर्वत, सरोवर, यमुना महारानी और गोमाता हमारी सनातन संस्कृति के अभिन्न अंग हैं। इनके संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना चाहिए। स्वर्गीय संत रमेश बाबा ने अपना संपूर्ण जीवन ब्रज की सेवा और संरक्षण के लिए समर्पित किया, उनकी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना सच्ची श्रद्धा होगी। अखिल भारतीय हिंदू महासभा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष एवं श्री वामन भगवान महोत्सव समिति के कार्यकारिणी अध्यक्ष संजय हरियाणा ने कहा कि इस प्रकार की धार्मिक यात्राएं समाज में आध्यात्मिक चेतना जागृत करने के साथ ही युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का कार्य करती हैं। ब्रज की पावन धरा की पहचान यहां के मंदिरों के साथ-साथ इसके वन, सरोवर, पर्वत और यमुना महारानी से भी है। इन सभी धरोहरों की रक्षा के लिए समाज को एकजुट होकर कार्य करना चाहिए।
श्री वामन भगवान महोत्सव समिति के संस्थापक एवं भाजपा महानगर मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा ने कहा कि श्रीराधा रानी ब्रज चौरासी कोस यात्रा केवल धार्मिक परिक्रमा नहीं, बल्कि ब्रज की सांस्कृतिक अस्मिता, पर्यावरण संरक्षण और गोसेवा का व्यापक जनजागरण अभियान है। स्वर्गीय संत रमेश बाबा की प्रेरणा से निकली यह यात्रा गांव-गांव हरिनाम प्रभात फेरी के माध्यम से भक्ति और सेवा का संदेश पहुंचा रही है। ब्रज की पौराणिक एवं प्राकृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।इस अवसर पर पंडित रामगोपाल शर्मा एवं संजय हरियाणा शर्मा के नेतृत्व में संस्थापक श्याम शर्मा उपाध्यक्ष आशीष शर्मा, अजय शर्मा, सर्वेश चतुर्वेदी, पंकज चतुर्वेदी, लब्बू पंडित, प्रयागनाथ चतुर्वेदी, अजय चतुर्वेदी, दीपक सारस्वत, सुभाष सैनी एवं रामदास चतुर्वेदी ने यात्रा संयोजक राधाकांत शास्त्री, सुनील सिंह, नरसिंह दास बाबा, राजकुमार शास्त्री एवं ब्रजशरण बाबा का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
यात्रा में बरसाना से गोशाला तक राधारानी ब्रज यात्रा के प्रेरणास्रोत एवं मुख्य संरक्षक रहे स्वर्गीय संत रमेश बाबा का चित्रपट भी श्रद्धालुओं के साथ चल रहा था। पदयात्रियों ने ब्रज के पारंपरिक रसिया, भजन एवं पदों पर नृत्य और संकीर्तन करते हुए श्रद्धाभाव से परिक्रमा की तथा ब्रज के पर्वतों, वनों, सरोवरों, धार्मिक स्थलों एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की प्रार्थना की। स्वागत कार्यक्रम में अनेक गणमान्य नागरिकों एवं श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार