अंतरराष्ट्रीय महिला पहलवान पुष्पा यादव का भव्य स्वागत, अजय सिंह टप्पू ने किया सम्मानित
गोरखपुर, 05 जून (हि.स.)। चौरी-चौरा विधानसभा क्षेत्र के माड़ापार गांव की बेटी एवं अंतरराष्ट्रीय महिला पहलवान पुष्पा यादव ने चीन में आयोजित छठी एशियन बीच गेम्स की कुश्ती प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर देश, प्रदेश और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। स्वदेश लौटने के बाद शुक्रवार को अपने पैतृक गांव माड़ापार पहुंचने पर उनका भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत किया गया।
पुष्पा यादव ने प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में चीन की मजबूत खिलाड़ी मेंग्यू झाई को पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष और गौरव का वातावरण है। ग्रामीणों, खेल प्रेमियों एवं शुभचिंतकों ने फूल-मालाओं और जयघोष के साथ उनका अभिनंदन किया।
इस अवसर पर चौरी-चौरा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी अजय सिंह टप्पू ने पुष्पा यादव को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं ₹25,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उन्हें एक पौधा भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
अजय सिंह टप्पू ने कहा कि पुष्पा यादव ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता क्षेत्र की बेटियों एवं युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से देश का मान बढ़ाने वाले खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग और सम्मान मिलना चाहिए।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने पुष्पा यादव की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। स्वागत समारोह में कुशीनगर कुश्ती संघ के अध्यक्ष दीपक कुमार उर्फ दीपू, पल्टू यादव, सम्राट सिंह, डॉ. अशोक सिंह, रणविजय सिंह, समीर यादव, संपूर्णानंद पाण्डेय, राजकुमार, भोला, अक्षयबर यादव, गिरजेश सिंह, सामदेव यादव, जगन्नाथ यादव, विदेशी भारती, श्रीभागवत निषाद, सुदामा राजभर, बिजेन्दर सिंह, राधेश्याम यादव, साजन सिंह, बृजेश विश्वकर्मा, रविंद्र यादव, गुड्डू, मुबारक अली सहित सैकड़ों गणमान्य नागरिक एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
पुष्पा यादव के सम्मान में आयोजित यह समारोह न केवल उनकी उपलब्धि का उत्सव था, बल्कि क्षेत्र की नई पीढ़ी को खेलों के प्रति प्रेरित करने वाला एक यादगार अवसर भी साबित हुआ। उनकी इस स्वर्णिम सफलता ने पूरे पूर्वांचल को गौरवान्वित कर दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय