धूमधाम से निकली रामनवमी की भव्य शोभायात्रा, विधायक हुए शामिल
उरई, 27 मार्च (हि.स.)। रामनवमी के पावन अवसर पर जालौन के उरई शहर में शुक्रवार को भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में भव्य शोभायात्रा बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ निकाली गई। शोभायात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और पूरा शहर जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा।
शोभायात्रा का शुभारम्भ शहर के प्रमुख मंदिर से विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर किया गया। इसके बाद भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी की सजीव एवं आकर्षक झांकियों को सजाकर शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से निकाली गई। झांकियों को देखने के लिए रास्ते भर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु भक्ति गीतों और ढोल-नगाड़ों की धुन पर झूमते नजर आए। जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। नगर के विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों द्वारा जलपान एवं प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गई, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा भी शोभायात्रा में शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्रीराम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर क्षेत्रवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं दीं। विधायक ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन आदर्शों और मर्यादा का प्रतीक है तथा हमें उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेना चाहिए।
शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। नगर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहा। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए। पुलिस अधिकारियों ने स्वयं भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पूरे नगर में रामनवमी को लेकर भक्तिमय माहौल बना रहा। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। देर शाम तक श्रद्धालुओं का मंदिरों में आना-जाना लगा रहा। इस दौरान नगरवासियों ने एक-दूसरे को रामनवमी की शुभकामनाएं देकर उत्सव का आनंद लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा