जौनपुर में भगवान चित्रगुप्त की भव्य शोभायात्रा बुधवार काे, सर्वसमाज से शामिल होने की अपील

 








जौनपुर, 10 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में भगवान चित्रगुप्त पूजनोत्सव के अवसर पर बुधवार 11 नवंबर को जौनपुर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। श्री चित्रगुप्त भगवान पूजन महासमिति की ओर से आयोजित शोभायात्रा दोपहर तीन बजे बारीनाथ मठ स्थित भगवान चित्रगुप्त मंदिर, उर्दू बाजार से प्रारंभ होकर रूहट्टा स्थित भगवान चित्रगुप्त मंदिर तक पहुंचेगी। आयोजकों ने सर्वसमाज के लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की है।

महासमिति के अनुसार शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां, भव्य सजावट और बैंड-बाजे शामिल रहेंगे। यात्रा मार्ग पर सैकड़ों तोरण द्वार बनाए जाएंगे। कोतवाली चौराहे पर कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत, अभिनंदन और पुष्पवर्षा की जाएगी।

आयोजन में प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव, वाराणसी कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव, राज्यसभा सांसद विद्यासागर सोनकर, विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह प्रिंशू, विधायक जगदीश राय, अमेठी के जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरी, नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्य सहित अनेक जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। 12 कायस्थ संगठनों के साथ विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों की भी सहभागिता रहेगी।

यह जानकारी मंगलवार को महासमिति के संस्थापक अध्यक्ष सरस चंद श्रीवास्तव, संस्थापक अध्यक्ष चंद्रमोहन श्रीवास्तव और मीडिया प्रभारी विश्व प्रकाश श्रीवास्तव ने दी। शोभायात्रा संयोजक दिनेश चंद श्रीवास्तव और शशि श्रीवास्तव ने भी लोगों से आयोजन को सफल बनाने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव