मथुरा: केएम विश्वविद्यालय में हुआ भव्य आशीर्वाद का दीप प्रज्वलन कार्यक्रम

 


मथुरा, 17 सितम्बर (हि.स.)। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के पावन अवसर पर जनपद मथुरा के प्रतिष्ठित केएम विश्वविद्यालय के पावन परिसर में गुरुवार शाम भव्य एवं उत्साहवर्धक दीप प्रज्वलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ विवि के कुलाधिपति किशन चौधरी ने पहला दीप प्रज्जवलित करके किया। विश्वविद्यालय परिवार ने प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं यशस्वी राजनीतिक जीवन की कामना के साथ पूरे परिसर को दीपों की रोशनी से रोशन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत विश्वविद्यालय परिसर में दीप प्रज्वलित कर की गई। इस अवसर पर पूरा वातावरण भक्तिमय और देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में ईश्वर से प्रार्थना की कि वे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी को सदैव स्वस्थ एवं दीर्घायु रखें तथा राष्ट्रसेवा एवं जनहित के उनके संकल्प को निरंतर और अधिक शक्ति प्रदान करें, जिससे देश विकास के नए आयाम छूता रहे।

इस विशेष अवसर पर केएम विश्वविद्यालय के पदाधिकारीगण, सम्मानित शिक्षकगण, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में चिकित्सक एवं मेडीकल छात्र-छात्राएं पूरे उत्साह के साथ उपस्थित रहे। छात्र-छात्राओं में प्रधानमंत्री के जन्मोत्सव को लेकर विशेष उमंग देखने को मिली। सभी ने मिलकर विश्वविद्यालय परिसर में दीप जलाए और भारत को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के राष्ट्रीय संकल्प को दोहराया।

के.एम. विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि संस्थान अकादमिक और चिकित्सीय शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक और राष्ट्रीय सरोकारों में भी हमेशा सबसे आगे रहता है। इस अवसर पर विवि के कुलसचिव डा. पूरन सिंह, प्रति कुलपति एवं मेडीकल कालेज के डीन डा. शरद अग्रवाल, अस्पताल की जनरल मैनेजर स्वाती शर्मा, अनीता चौधरी सहित केएम संस्थान के अन्य सदस्य मौजूद रहे।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार