हरिनाम संकीर्तन और दामोदराष्टकम के गान के साथ वृंदावन चंद्रोदय मंदिर में भव्य कार्तिक उत्सव का शुभारंभ
मथुरा, 20 नवम्बर (हि.स.)। कार्तिक मास की आध्यात्मिक महिमा और भक्ति की सनातन परंपरा को समर्पित तीन दिवसीय कार्तिक उत्सव का शुक्रवार को वृंदावन चंद्रोदय मंदिर में भव्य शुभारंभ हुआ। उत्सव के प्रथम दिन आयोजित कार्यक्रमों ने संपूर्ण मंदिर परिसर को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।
उत्सव के पहले दिन आयोजित भजन संध्या में सुप्रसिद्ध भजन गायक अगम अग्रवाल एवं मंदिर के भक्तों की सुमधुर प्रस्तुतियों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों ने ष्वृंदावन प्यारो वृंदावनष् सहित कई लोकप्रिय कृष्ण भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुति दी, जिससे पूरा परिसर वृंदावन की दिव्य भक्ति और प्रेममयी संस्कृति में डूब गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हरिनाम संकीर्तन में सहभागिता कर भगवान श्रीकृष्ण की आराधना का आनंद लिया।
हिन्दू पंचांग के अनुसार कार्तिक मास में भगवान श्रीराधा-दामोदर की आराधना और दीपदान का विशेष आध्यात्मिक महत्व है। इसी परंपरा के तहत भजन संध्या के बाद मंदिर परिसर में दीपदान का भव्य आयोजन किया गया। भक्तों ने सामूहिक रूप से श्री दामोदराष्टकम का भावपूर्ण गान करते हुए अपने आराध्य श्रीश्री राधा वृन्दावनचंद्र के श्रीचरणों में दीप अर्पित किए। दीपों की दिव्य आभा और दामोदराष्टकम के मंत्रोच्चार से पूरा मंदिर परिसर आध्यात्मिक प्रकाश और भक्तिभाव से आलोकित हो उठा।
वृंदावन चंद्रोदय मंदिर द्वारा आयोजित यह तीन दिवसीय कार्तिक उत्सव श्रद्धालुओं को साधना और दिव्य लीलाओं से जुड़ने का अनूठा अवसर दे रहा है। मंदिर प्रबंधन के अनुसार, उत्सव के आगामी दो दिनों में कई अन्य आकर्षक धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें श्रीश्री राधा वृन्दावनचंद्र का भव्य नौका विहार और शोभायात्रा विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार