सीएसजेएमयू में उत्तर क्षेत्र पुरुष खो-खो चैम्पियनशिप का आगाज, 42 विश्वविद्यालयों की टीमें ले रहीं भाग
कानपुर, 07 अप्रैल (हि.स.)। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर में उत्तर क्षेत्र पुरुष खो-खो चैम्पियनशिप 2025–26 का शुभारंभ उत्साह और गरिमा के साथ हुआ। विश्वविद्यालय में देशभर के 42 विश्वविद्यालयों की टीमें प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। खिलाड़ियों में जीत के साथ खेल भावना बनाए रखने का उत्साह देखने को मिला। आयोजन में खेलों के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर मंच देने की प्रतिबद्धता दोहराई गई। यह बातें मंगलवार को कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कही।
विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित उद्घाटन समारोह में पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ प्रतियोगिता की शुरुआत हुई। कार्यक्रम में प्रति कुलपति प्रो. सुधीर कुमार अवस्थी, कुलसचिव राकेश कुमार मिश्रा, वित्त अधिकारी अशोक कुमार त्रिपाठी, छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. अंशु यादव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। अखिल भारतीय विश्वविद्यालय संघ से नामित पर्यवेक्षक डॉ. नरेश कुमार, अधिकृत निदेशक भूपेंद्र सिंह और शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. श्रवण कुमार यादव ने भी आयोजन की सराहना की।
इस दौरान खिलाड़ियों को अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया। गुब्बारों का विमोचन कर प्रतियोगिता के औपचारिक शुभारंभ की घोषणा की गई। योग प्रदर्शन कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा, जबकि खिलाड़ियों ने खेल शपथ लेकर निष्पक्षता और खेल भावना बनाए रखने का संकल्प लिया।
प्रतियोगिता के मुकाबलों में विभिन्न टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जींद ने कुमाऊँ विश्वविद्यालय, नैनीताल को 33–28 से हराया। लखनऊ विश्वविद्यालय ने केंद्रीय विश्वविद्यालय हरियाणा को 45–20 से पराजित किया। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक ने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी को 48–04 से हराकर बड़ी जीत दर्ज की, जबकि पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ ने डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय को 30–22 से शिकस्त दी।
कुछ टीमों की अनुपस्थिति के चलते केंद्रीय विश्वविद्यालय जम्मू और देव संस्कृत विश्वविद्यालय को वॉकओवर मिला। विभागाध्यक्ष डॉ. श्रवण कुमार यादव ने बताया कि आगामी मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों में उत्साह बना हुआ है। बुधवार को बाबू बनारसी दास विश्वविद्यालय, लखनऊ और हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के बीच मुकाबला आकर्षण का केंद्र रहेगा।
यह चैम्पियनशिप खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच प्रदान कर रही है और उन्हें भविष्य में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप