प्रदर्शनी छात्राओं को व्यवहारिक दृष्टि प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित करती है : कुलपति

 










गोरखपुर, 22 फ़रवरी (हि.स.)। गंगोत्री देवी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित “युवा महोत्सव–2026” के अंतर्गत गृह विज्ञान विभाग द्वारा शैक्षणिक एवं व्यवहारिक प्रदर्शनी का भव्य उद्घाटन कुलपति प्रोफेसर पूनम टंडन एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर ज्ञान, सृजनशीलता और उत्साह से आलोकित दिखाई दिया। कुलपति ने कहा कि शिक्षा तभी सार्थक है जब वह जीवन से जुड़ती है। इस प्रकार की प्रदर्शनी छात्राओं को व्यवहारिक दृष्टि प्रदान करती है और उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित करती है।

प्रदर्शनी में पोषण एवं आहार प्रबंधन, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता, वस्त्र एवं परिधान निर्माण, खाद्य संरक्षण तकनीक, गृह सज्जा, पर्यावरण-अनुकूल उत्पाद तथा लघु उद्यम सम्बंधित विविध मॉडलों और प्रायोगिक परियोजनाओं का आकर्षक प्रदर्शन किया गया। छात्राओं ने स्वयं निर्मित उत्पादों, चार्टों एवं प्रस्तुतीकरण के माध्यम से अपने कौशल और आत्मविश्वास का प्रभावशाली परिचय दिया। अतिथियों ने प्रत्येक स्टाल का अवलोकन कर छात्राओं से संवाद किया और उनके प्रयासों की प्रशंसा की।

गृह विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रोफेसर दिव्या रानी सिंह ने कहा कि यह प्रदर्शनी छात्राओं के परिश्रम, अनुसंधान और नवाचार का परिणाम है। उन्होंने कहा कि गृह विज्ञान केवल पाठ्य विषय नहीं, बल्कि जीवन कौशल की आधारशिला है, जो परिवार और समाज निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

राजनीति शास्त्र विभागाध्यक्ष प्रोफेसर विनीता पाठक ने कहा कि ऐसे आयोजन छात्राओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सामाजिक चेतना को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने छात्राओं की प्रस्तुति को आत्मविश्वास और जागरूकता का प्रतीक बताया।

महाविद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. गौरी पाण्डेय ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य छात्राओं को समग्र शिक्षा प्रदान करना है, जिसमें ज्ञान के साथ कौशल और मूल्य भी समाहित हों। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए विभाग और छात्राओं को बधाई दी। इस अवसर पर संरक्षिका श्रीमती रीना त्रिपाठी ने कहा कि बेटियों को उचित अवसर और प्रोत्साहन मिले तो वे हर क्षेत्र में उत्कृष्टता सिद्ध कर सकती हैं। आज की प्रदर्शनी इस विश्वास का सजीव प्रमाण है। प्रबंध निदेशक आशुतोष मिश्र ने कहा कि महाविद्यालय प्रबंधन कौशल-आधारित एवं व्यवहारिक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसे आयोजन छात्राओं को आत्मविश्वासी और सक्षम नागरिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उद्घाटन समारोह के पश्चात छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। जिसमें समूह नृत्य, देशभक्ति गीत और सृजनात्मक प्रस्तुतियों ने वातावरण को उत्सवमय बना दिया। कार्यक्रम में डॉ. प्रियंका त्रिपाठी, डॉ संगीता पांडेय, डॉ विकास गुप्ता, डॉ आभा गुप्ता, डॉ. प्रत्या उपाध्याय, डॉ. रेनू गौर, डॉ सुषमा मिश्रा, तृप्ति सिंह, शिवांगी त्रिपाठी, डॉ. कुमुद त्रिपाठी, डॉ. शीला त्रिपाठी, डॉ. सीमा श्रीवास्तव, शालिनी त्रिपाठी, नर्सिंग विभाग की पूर्व प्रधानाचार्य लौरीटा याकूब, फिजियोथैरेपी विभागाध्यक्ष डॉ. एम. एल. यादव, प्रतिमा त्रिपाठी, मधु भट्ट, ममता मौर्या, रिंकू कुशवाहा, अमिरून निशा, सिंदूजा, रामदेव, देवेंद्र चौधरी एवं नित्यानंद तिवारी, अशोक सिंह, अर्जुन यादव, सावित्री तिवारी, अभिषेक पांडेय, अनिल पांडेय सहित महाविद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी तथा अनेक लाेग उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय