ग्राम पंचायत सचिव ने किराए के कमरे में फंदा लगाकर की आत्महत्या
--प्रशासनिक अमले में हलचल, सात वर्षों से ब्लॉक में थे तैनात
हमीरपुर 11 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में मौदहा विकासखंड में तैनात ग्राम सचिव ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। गुरुवार को उनका शव मराठीपुरा मोहल्ले में स्थित उनके किराए के कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और विकास खंड के कर्मचारियों में हड़कम्प मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रयागराज जिले के नैनी निवासी राजू सिंह पटेल (38) पुत्र सृष्टि नारायण पटेल पिछले 7 वर्षों से कस्बे के मराठीपुरा में मानस कुमार गुप्ता के मकान में अकेले किराए पर रह रहे थे। वह वर्तमान में विकासखंड की कुनहेटा, हिमौली और लदार पारा ग्राम पंचायतों में सचिव के पद पर तैनात थे। वह अपने पीछे पत्नी श्वेता और एक वर्षीय पुत्र को छोड़ गए हैं। घटना की जानकारी तब हुई जब मृतक के चालक सुनील कुमार ने मोबाइल बंद होने पर सचिव की पत्नी श्वेता को सूचित किया। पत्नी के कहने पर मौके पर पहुंचे साथी सचिव गिरीश पटेल, महेंद्र और योगेश ने कमरे का ताला दूसरी चाबी से खोला। अंदर जाने पर राजू सिंह का शव प्लास्टिक की रस्सी से फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलते ही एसडीएम करनवीर सिंह, बीडीओ राघवेंद्र सिंह और कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह पुलिस बल व फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
बीडीओ राघवेंद्र सिंह ने बताया कि सचिव राजू सिंह ब्लॉक से अपना ट्रांसफर कराकर अपने गृह जनपद प्रयागराज के क्षेत्र में जाना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने आवेदन भी किया था, जिस पर बीडीओ ने उनसे एक महीने का समय मांगा था। वहीं सहकर्मी केशव ने बताया गुरुवार सुबह 9:45 बजे राजू सिंह से बात हुई थी, जिसमें उन्होंने रात में बाहर होने की बात कहकर सोने देने और परेशान न करने को कहा था। वहीं हिमौली निवासी एजाज अहमद ने बताया कि सुबह 10:15 बजे सचिव ने उनसे गांव की नालियों की सफाई की फोटो मांगी थी, जिसे उन्होंने तुरंत देख भी लिया था।
कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह ने गुरुवार को शाम बताया कि फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा