सेवा कार्यों से जीवंत हुई गोविंद हरि सिंघानिया की स्मृति : आशीष चौहान

 










कानपुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। गोविंद हरि सिंघानिया जी की स्मृति को सच्चे अर्थों में आगे बढ़ाने का माध्यम सेवा और समाज के जरूरतमंद वर्गों का सहयोग है। स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, कौशल विकास और जरूरतमंदों की सहायता से जुड़े कार्यों के जरिए उनके सेवा-संकल्प को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। यह बातें शुक्रवार को जेके अर्बन स्केप कानपुर के निदेशक आशीष चौहान ने कहीं।

02 अक्टूबर को गोविंद हरि सिंघानिया मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से कानपुर में विभिन्न सेवा एवं जनकल्याण कार्यक्रम आयोजित किए गए। दिन की शुरुआत जेके मंदिर में प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग शिविर से हुई। सुबह सात से नौ बजे तक आयोजित शिविर में लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया। यह शिविर आठ अक्टूबर तक जारी रहेगा।

इसके बाद डॉ. गौर हरि सिंघानिया इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड रिसर्च, कमला नगर में रक्तदान शिविर लगाया गया। इसमें लोगों ने रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की सहायता में योगदान दिया। ब्लाइंड स्कूल, नौबस्ता में बच्चों को पानी की बोतलें तथा ब्लाइंड स्कूल, नेहरू नगर में बेडशीट वितरित की गईं। पनकी स्थित वृद्धाश्रम में बुजुर्गों को राशन किट प्रदान की गईं।

सेवा कार्यों की कड़ी में राजापुरवा, नारायणपुरवा और शास्त्रीनगर के तीन प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों को भोजन के साथ खिलौने, प्राथमिक चिकित्सा किट और स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई। राजकीय बाल गृह बालक, बिठूर में भी बच्चों को भोजन कराया गया। वहीं मर्चेंट चैंबर ऑफ उत्तर प्रदेश में खिचड़ी वितरण कार्यक्रम आयोजित कर जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाया गया।

ट्रस्ट की ओर से कौशल विकास और आत्मनिर्भरता को भी सेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है। इसी क्रम में श्री गोविंद हरि सिंघानिया स्किल डेवलपमेंट सेंटर, कैंट और सिविल लाइंस में श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किए गए। केंद्रों के माध्यम से प्रशिक्षण लेकर युवाओं को रोजगार और आजीविका के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रमों में ट्रस्ट से जुड़े सदस्यों, कर्मचारियों, सहयोगियों और स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी की। विभिन्न स्थानों पर आयोजित सेवा कार्यों के जरिए जरूरतमंदों को सहयोग देने के साथ उनके प्रति सम्मान और आत्मीयता का भाव भी व्यक्त किया गया। ट्रस्ट की ओर से सेवा और सशक्तीकरण के कार्यों को निरंतर जारी रखने की बात कही गई।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप