असमय मौत की भरपाई संभव नहीं, संकट में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ : अभिजीत सिंह सांगा

 


कानपुर, 29 अगस्त (हि.स.)। किसी परिवार के सदस्य की असमय मृत्यु की भरपाई संभव नहीं है, लेकिन संकट की घड़ी में सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की संवेदनशीलता है कि आपदा से प्रभावित परिवारों को निर्धारित आर्थिक सहायता समय से मिले।

यह बातें शनिवार को जनपद कानपुर के बिठूर से विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने कहीं। बिठूर में गंगा के छप्पर घाट और पत्थर घाट पर अलग-अलग घटनाओं में डूबने से जान गंवाने वाले तीन लोगों के परिजनों को शासन की ओर से चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने तीनों मृतकों के परिजनों को दैवीय आपदा के अंतर्गत स्वीकृत कुल 12 लाख रुपये की अहैतुक सहायता राशि प्रदान की।

विगत दिनों छप्पर घाट और पत्थर घाट पर गंगा में डूबने की अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मृत्यु हुई थी। घटनाओं के बाद प्रशासन ने मृतकों के आश्रितों को दैवीय आपदा के तहत अनुमन्य आर्थिक सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू की। आवश्यक जांच और अभिलेखों के सत्यापन के बाद प्रत्येक मृतक के परिजन के लिए चार लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप