मुरादाबाद : गौशालाओं में गोवर्धन पूजा कर गौ सेवा का लिया संकल्प
गोवर्धन पूजा प्रकृति, गोवंश, पर्यावरण संरक्षण के प्रति हमारी जिम्मेदारी का संदेश देती : जिलाधिकारी
मुरादाबाद, 10 नवंबर (हि.स.)। मुरादाबाद जनपद की गौशालाओं में मंगलवार शाम को गोवर्धन पूजा विधि विधान के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर गौशालाओं को सजाकर गौ-माता का पूजन-अर्चन एवं आरती की गई तथा गुड़, हरा चारा एवं फल आदि खिलाए गए। साथ ही गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाकर विधिवत पूजन एवं परिक्रमा की गई।
जिलाधिकारी अनुनय झा और मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी के निर्देशन में जनपद की समस्त गौशालाओं में गोवर्धन पूजा के कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में नगर निकायों के अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, पशु चिकित्सक, खंड विकास अधिकारी, ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि, गौशाला संचालक एवं गौ-सेवकों ने प्रतिभाग किया।
जिलाधिकारी ने गोवर्धन पूजा के पावन पर्व पर जनपदवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा प्रकृति, गोवंश एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति हमारी जिम्मेदारी का संदेश देती है। उन्होंने पशुपालकों एवं गौशाला संचालकों से गोवंश के स्वास्थ्य, टीकाकरण, स्वच्छता एवं संतुलित आहार पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील दत्त ने गौशाला संचालकों से स्वच्छता बनाए रखने, गोवंश को संतुलित आहार उपलब्ध कराने तथा बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल पशु चिकित्सा विभाग से संपर्क करने की अपील की। उन्होंने बताया कि गौशालाओं में गोवंश का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यकतानुसार उपचार किया जा रहा है। पशुपालकों को टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान एवं पशु प्रबंधन के प्रति भी निरंतर जागरूक किया जा रहा है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल