बेमौसम बारिश पर योगी सरकार सख्त, प्रमुख सचिव बोलीं- 24 घंटे में बांटे राहत राशि, डीएम सीधे किसानों से करें संवाद

 


- किसानों को राहत में देरी बर्दाश्त नहीं, लापरवाह अफसरों पर गिरेगी गाज : अपर्णा यू

लखनऊ, 28 मार्च (हि.स.)। प्रदेश में बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि, आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली से हुई व्यापक क्षति को लेकर योगी सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड में है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों व प्रभावित परिवारों को राहत राशि का वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रमुख सचिव राजस्व अपर्णा यू ने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि सभी जनपदों के जिलाधिकारी बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली व आंधी-तूफान के कारण हुए फसल क्षति का आकलन कर 24 घंटे के अंदर प्रभावित किसानों को राहत राशि का वितरण करना सुनिश्चित करें।

प्रमुख सचिव राजस्व ने शनिवार को लाल बहादुर शास्त्री भवन स्थिति सभागार में बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली व आंधी-तूफान से हुए फसल क्षति, जनहानि, मकान क्षति, पशुहानि इत्यादि पर दिए गए राहत राशि वितरण की समीक्षा की। उन्होंने समस्त जिलाधिकारियों, समस्त अपर जिलाधिकारी राजस्व सहित राजस्व व राहत कार्मिकों को संवेदनशीलता के साथ प्राथमिकता पर राहत कार्यों को पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने समस्त जिलाधिकारियों को प्रभावित परिवारों से व्यक्तिगत संवाद स्थापित करने का निर्देश दिया।

बजट की कमी नहीं, 20 करोड़ जारी

प्रमुख सचिव राजस्व ने कहा कि राहत राशि निर्गत किए जाने के लिए शासन में बजट की कोई कमी नहीं है। राहत आयुक्त कार्यालय की ओर से 15 मार्च 2026 से अब तक 20 करोड़ रुपये जनपदों को निर्गत की गई है। अगर किसी जनपद में बजट की कोई कमी हो तो वे तत्काल इसकी मांग राहत आयुक्त कार्यालय से कर लें। उन्होंने जिलाधिकारियों को प्रत्येक प्रभावित परिवारों के मध्य राहत राशि का वितरण सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। शिथिलता बरतने पर लापरवाह कार्मिक के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्यवाही की जाएगी।

मौसम विभाग की चेतावनी, प्रशासन को सतर्कता के निर्देश

उन्होंने जनसामान्य से अपील की कि राहत राशि प्राप्त करने में कठिनाई होने पर राहत आयुक्त कार्यालय में संचालित टोल फ्री नम्बर पर 1070 पर शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने बताया कि भारतीय मौसम विभाग के अनुसार 31 मार्च तक विभिन्न जनपदों में बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली व आंधी-तूफान आने की चेतावनी जारी की गई है। ऐसे में सावधानी पूर्वक कार्य करें। उन्होंने समस्त जिलाधिकारियों को अपने-अपने जनपदों में जनसामान्य के मध्य खराब मौसम से संबंधित सूचनाओं को विभिन्न माध्यमों से प्रसारित कराने का निर्देश दिया।

15 से 28 मार्च तक 17 जनहानि, 11 पशुहानि, 1661.75 हेक्टेयर फसल की क्षति

उल्लेखनीय है कि जिलाधिकारियों से प्राप्त सूचना के अनुसार 15 मार्च 2026 से 28 मार्च 2026 तक बेमौसम बारिश में कुल 17 जनहानि, 11 पशुहानि तथा सहारनपुर एवं ललितपुर में 1661.75 हेक्टेयर फसल की क्षति हुई है। प्रमुख सचिव राजस्व ने बताया कि राहत आयुक्त कार्यालय की ओर से रेड एलर्ट, ऑरेंज एलर्ट तथा यलो एलर्ट जनपदों में खराब मौसम संबंधी सूचनाओं को सचेत एप के माध्यम से लगभग 13 करोड़ मैसेज भेजकर जनसामान्य को जागरूक किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ .राजेश