जनसाधारण एक्सप्रेस में महिला यात्री का छूटा एप्पल मोबाइल फोन, ट्रेन मैनेजर ने वापस किया
मुरादाबाद, 30 अगस्त (हि.स.)। भारतीय रेल में यात्री सेवा, कर्तव्यनिष्ठा एवं ईमानदारी का एक उत्कृष्ट उदाहरण और सामने आया है। दो दिन पूर्व जनसाधारण एक्सप्रेस (13258) के टॉयलेट में महिला यात्री का छूटा एप्पल मोबाइल फोन ट्रेन मैनेजर की ईमानदारी और कर्तव्य निष्ठा के चलते यात्री को सकुशल वापस लौटा दिया गया।
उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने रविवार को बताया कि दो दिन पूर्व 28 अगस्त को रेलगाड़ी संख्या 13258 में मुरादाबाद से लखनऊ की ड्यूटी के दौरान, यात्रा कर रहीं महिला यात्री बुशरा का एप्पल मोबाइल ट्रेन के टॉयलेट में छूट गया था। महिला यात्री मुरादाबाद स्टेशन पर उतर गईं, जबकि मोबाइल गाड़ी में ही रह गया। ड्यूटी पर तैनात द्वितीय ट्रेन मैनेजर रामपाल सिंह की नज़र जब मोबाइल पर पड़ी, तो उन्होंने सह-यात्रियों के सहयोग से उसे तत्काल सुरक्षित अपने कब्ज़े में लिया। इसके पश्चात उन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला यात्री से संपर्क साधा और उनका मोबाइल सकुशल वापस लौटाया।
अपना खोया हुआ मोबाइल सुरक्षित वापस पाकर बुशरा एवं उनके परिजनों ने अत्यंत प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुरादाबाद मंडल प्रशासन का आभार जताया।सीनियर डीसीएम ने बताया कि रामपाल सिंह का यह सराहनीय कार्य न केवल रेलकर्मियों के अपने दायित्वों के प्रति समर्पण को रेखांकित करता है, बल्कि “यात्री सेवा ही सर्वोपरि” के रेल के मूल ध्येय को भी चरित्रार्थ करता है।--------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल