भजन सम्राट व गोरखपुर रत्न नंदू मिश्रा के आवास पर 29 जुलाई को होगा विशेष आयोजन
गोरखपुर, 28 जुलाई (हि.स.)। गुरु कृपा परिवार के तत्वावधान में 29 जुलाई (बुधवार) को गुरु पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन किया गया है। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी गुरु कृपा परिवार के द्वारा गुरुदेव श्रद्धेय पं. श्री नन्दू मिश्रा जी के चरण पूजन के साथ-साथ, पौधरोपण कार्यक्रम होगा। इसके साथ ही समाज के जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा के लिए प्रेरित करने के लिए पठन पाठन सामग्री वितरित की जाएगी।
यह जानकारी मंगलवार काे गुरु कृपा परिवार के अध्यक्ष अंजनी कुमार मिश्र ने दी।
उन्होंने बताया कि इस दौरान भारतीय संस्कृति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम व सम्मान समारोह भी होगा। 'एक पेड़ मां के नाम' के अंतर्गत पौधरोपण भी किया जाएगा। तत्पश्चात महाप्रसाद का भी आयोजन किया गया है। यह कार्यक्रम नन्दू मिश्र के आवास - 94/C, शिव शक्ति भवन, मेडिकल कॉलेज रोड, गोरखपुर में आयोजित है। इसमें देश विदेश से आए शिष्य गुरु पूजन में भाग लेने के लिए उपस्थित होंगे ।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय