एसएसपी ने पुलिस लाइन में शुक्रवार की परेड का किया निरीक्षण, पुलिसकर्मियों को फिटनेस और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश

 








गोरखपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित साप्ताहिक परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों की शारीरिक दक्षता, अनुशासन, एकरूपता और विभिन्न पुलिस इकाइयों की कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

परेड के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ और फिट रखने के उद्देश्य से दौड़ लगवाई। इसके साथ ही पुलिस बल में अनुशासन, एकरूपता और सामूहिक कार्यक्षमता को बेहतर बनाए रखने के लिए टोलीवार ड्रिल का अभ्यास कराया गया। उन्होंने परेड में शामिल पुलिसकर्मियों की गतिविधियों का निरीक्षण करते हुए नियमित अभ्यास और शारीरिक दक्षता बनाए रखने पर जोर दिया।

निरीक्षण के क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस की विभिन्न इकाइयों की तैयारियों और व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने यूपी-112, परिवहन शाखा, घुड़सवार पुलिस और श्वान दल सहित अन्य संबंधित इकाइयों का निरीक्षण कर उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए पुलिस व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने तथा अपने-अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी कैंट/लाइंस, प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय