गोरखपुर : ठग ने फर्जी दस्तावेज और जाली हस्ताक्षर से करा लिया जमीन का बैनामा, गिरफ्तार
गोरखपुर, 20 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गोरखपुर में धोखाधड़ी एवं कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जमीन का बैनामा कराने के मामले में एम्स थाना पुलिस ने एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त पर फर्जी दस्तावेज तैयार करने, वादी के फर्जी हस्ताक्षर करने तथा वादी के स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति को प्रस्तुत कर उसकी भूमि संपत्ति का बैनामा कराने का आरोप है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान देवनाथ पुत्र सीताराम, निवासी नेवढ़ी, पोस्ट बकसूड़ी, थाना झंगहा, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है।
यह कार्रवाई एम्स थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्त देवनाथ को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार मामले में वादी की ओर से दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया था कि अभियुक्त ने धोखाधड़ी और कूटरचना करते हुए फर्जी दस्तावेज तैयार किए। इसके साथ ही वादी के फर्जी हस्ताक्षर का इस्तेमाल किया गया और वादी के स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति को प्रस्तुत कर उसकी भूमि का बैनामा कराने की प्रक्रिया अपनाई गई। शिकायत के आधार पर एम्स थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय