11 से 17 जनवरी तक सजेगा गोरखपुर महोत्सव, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय कलाकार मंच पर बिखेरेंगे जलवा
गोरखपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। नववर्ष 2027 में गोरखपुर महोत्सव का आयोजन 11 जनवरी से 17 जनवरी तक किया जाएगा। महोत्सव को भव्य, आकर्षक और व्यवस्थित बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी क्रम में बुधवार काे मंडलायुक्त सभागार में मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में आयोजन की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपते हुए समय से सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए। महोत्सव में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त कलाकारों एवं रंगकर्मियों को मुख्य मंच पर अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। वहीं स्थानीय कलाकारों को भी अपनी कला और सांस्कृतिक प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच प्रदान किया जाएगा।
बैठक में मंडलायुक्त ने कहा कि गोरखपुर महोत्सव केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि पूर्वांचल की कला, संस्कृति, परंपरा, पर्यटन और स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। आयोजन की गरिमा के अनुरूप सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। महोत्सव में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए यातायात, सुरक्षा, पार्किंग, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और अन्य बुनियादी सुविधाओं की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
महोत्सव के मुख्य मंच पर 11 जनवरी से 13 जनवरी तक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके प्रख्यात रंगकर्मी एवं कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। उद्घाटन और समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कौन-कौन शामिल होंगे, इसकी घोषणा बाद में की जाएगी। इसी तरह अन्य विशिष्ट अतिथियों के नाम भी आयोजन की तैयारियां आगे बढ़ने के साथ घोषित किए जाएंगे।
मंडलायुक्त ने विभिन्न विभागों को महोत्सव स्थल पर आकर्षक प्रदर्शनी लगाने के निर्देश दिए। इन प्रदर्शनियों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों, विभागीय उपलब्धियों और नवाचारों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। संबंधित विभाग अपनी प्रदर्शनी को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखते हुए इस प्रकार तैयार करें कि आम नागरिकों को योजनाओं की जानकारी मिले और वे उनसे लाभान्वित होने की प्रक्रिया भी समझ सकें।
महोत्सव के दौरान शिल्प मेला और विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियां 17 जनवरी तक जारी रहेंगी। शिल्प मेले में हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक कलाओं और कारीगरों को अपनी प्रतिभा एवं उत्पादों के प्रदर्शन का अवसर मिलेगा। इससे स्थानीय शिल्पकारों, उद्यमियों और छोटे कारोबारियों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
बैठक में यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष चर्चा की गई। महोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस और यातायात विभाग को वाहनों के आवागमन, पार्किंग, प्रवेश और निकास मार्गों की कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस बल की तैनाती, निगरानी, भीड़ नियंत्रण और आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बाहर से आने वाले कलाकारों और विशिष्ट अतिथियों के ठहरने, उनके आवागमन तथा कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने की व्यवस्था भी आयोजन का महत्वपूर्ण हिस्सा रहेगी। संबंधित विभागों को कलाकारों के स्वागत, आवास, परिवहन और निर्धारित समय पर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई। इसके साथ ही मंच, साज-सज्जा, ध्वनि, प्रकाश, विद्युत, साफ-सफाई, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने पर जोर दिया गया।
मंडलायुक्त ने स्थानीय कलाकारों को भी महोत्सव में पर्याप्त अवसर देने की बात कही। उन्होंने कहा कि गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। ऐसे कलाकारों को अपनी कला प्रस्तुत करने का अवसर मिलना चाहिए, जिससे स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को प्रोत्साहन मिले। कलाकारों के चयन और उन्हें मंच देने की प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी दीपक मीणा, नगर आयुक्त अजय जैन, जीडीए सीईओ विशाल कुमार, मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार, एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार, एडीएम वित्त एवं राजस्व जय प्रकाश, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मुकुल खंडेलवाल, एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव, उप निदेशक पर्यटन एवं क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी आरपी यादव, जीडीए सचिव प्रखर उत्तम, परियोजना निदेशक दीपक सिंह, डीसी मनरेगा रघुनाथ सिंह, अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन श्रीवास्तव सहित अजय शुक्ला और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय