लखनऊ अग्निकांड के बाद गोरखपुर में जांच जारी, कोचिंग संस्थानों में मिलीं तमाम कमियां
गोरखपुर, 24 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड के बाद गोरखपुर प्रशासन ने लगातार दूसरे दिन बुधवार काे भी शहर के विभिन्न कोचिंग संस्थानों में व्यापक जांच अभियान चलाया। इस अभियान का नेतृत्व एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार ने किया। इस निरीक्षण में कई चौंकाने वाली खामियां उजागर हुईं।
निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि अधिकांश कोचिंग संस्थान अग्नि सुरक्षा मानकों की खुली अनदेखी कर रहे हैं। कई जगहों पर इमरजेंसी एग्जिट की व्यवस्था नहीं मिली, जबकि अग्निशमन यंत्र या तो अनुपस्थित थे या उनकी स्थिति बेहद खराब पाई गई। संकरे कमरों में सैकड़ों बच्चों को बैठाकर पढ़ाने का खेल खुलेआम चल रहा है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता है।
एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार ने संबंधित संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सुरक्षा मानकों से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें लापरवाही करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तय है। जिन संस्थानों में कमियां पाई गई हैं, उन्हें नोटिस जारी कर जल्द से जल्द सुधार के निर्देश दिए गए हैं।
एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार ने मीडिया से बातचीत में स्पष्ट कहा कि यह अभियान सिर्फ औपचारिकता नहीं, बल्कि एक निरंतर प्रक्रिया है। शहर के हर कोचिंग संस्थान की जांच की जाएगी और जो भी मानकों का पालन नहीं करेगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, जिसमें सीलिंग तक की कार्रवाई शामिल हो सकती है ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय