जौनपुर में दबंगों ने घर पर किया हमला,पीड़ित परिवार दो दिन से दहशत में, मांगी सुरक्षा

 


जौनपुर , 01 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के पाल्हा मऊ कला गांव में एक परिवार पर लगातार दाे दिन हमला करने का मामला सामने आया है। गांव निवासी रमेश चंद पुत्र समर बहादुर यादव के घर पर कुछ लोगों ने लाठी-डंडों, पत्थरों और अन्य हथियारों से हमला कर दिया। हमलावरों ने घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल को क्षतिग्रस्त कर दिया और दरवाजा तोड़ने का भी प्रयास किया।

हमले के दौरान परिवार के सदस्य जान बचाने के लिए घर के अंदर छिप गए, जबकि हमलावर बाहर से तोड़फोड़ करते रहे। पीड़ित पक्ष ने डायल 112 पर घटना की सूचना दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही आरोपित फरार हो गए। पुलिस ने घटना का एक वीडियो कब्जे में लिया है; रमेश चंद ने गुरूवार को पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बावजूद शुक्रवार को आरोपित फिर से लाठी-डंडों के साथ पीड़ित के घर पहुंचे और खुलेआम धमकी दी।

इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है और पुलिस प्रशासन से अपनी सुरक्षा तथा आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है। वहीं इस मामले में क्षेत्राधिकारी सदर देवेश कुमार सिंह ने बताया कि वे मामले की जांच कर रहे हैं। वायरल वीडियो को लेकर उसकी जांच पड़ताल कर रहे जो भी लोग दोषी होगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव