सबसे बड़ा आभूषण अच्छी शिक्षा : मंडलायुक्त

 






- छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आत्मरक्षा, जीवन कौशल एवं स्वस्थ दिनचर्या के लिए किया प्रेरित

मुरादाबाद, 30 सितम्बर (हि.स.)। मंडलायुक्त संगीता सिंह ने बुधवार काे आज कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, नगर मुरादाबाद का औचक निरीक्षण कर विद्यालय में शैक्षिक एवं आवासीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के समय विद्यालय में कुल 100 छात्राओं के सापेक्ष 93 छात्राएं उपस्थित मिलीं, जबकि 7 छात्राएं अवकाश पर होने के कारण अपने माता-पिता के साथ घर गई हुई थीं। निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि सबसे बड़ा आभूषण अच्छी शिक्षा है। उन्होंने छात्राओं को नियमित रूप से मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शब्द भंडार एक संदूक के समान है, जिसमें हमारे शब्द सुरक्षित रहते हैं और आवश्यकता के अनुसार उनका प्रयोग किया जा सकता है। उन्होंने छात्राओं को अपनी भाषा एवं शब्दावली को समृद्ध करने के लिए निरंतर अध्ययन करने की सलाह दी।

मंडलायुक्त ने छात्राओं को सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखने, जिज्ञासु बनने तथा अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहते हुए अच्छी तरह पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्राओं को प्रतिदिन समाचार-पत्र पढ़ने की सलाह देते हुए कहा कि समाचार-पत्र अथवा पुस्तकों में आने वाले कठिन शब्दों का अर्थ अपने शिक्षक से पूछकर समझें और उनका सही प्रयोग सीखें।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने कक्षा 6, 7 एवं 8 की छात्राओं से आत्मरक्षा के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान छात्राओं ने आत्मरक्षा प्रशिक्षण का प्रदर्शन भी किया। मंडलायुक्त ने छात्राओं के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही छात्राओं को जीवन कौशल से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी एवं मार्गदर्शन भी दिया गया।

मंडलायुक्त ने छात्राओं को शब्दकोश का नियमित उपयोग करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि प्रतिदिन समाचार-पत्र एवं पुस्तकों में आने वाले कठिन शब्दों को रेखांकित कर उनका अर्थ समझना चाहिए। उन्होंने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए उन्हें निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने विद्यालय के शयनकक्ष की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने बालिकाओं की सुविधा एवं समानता को ध्यान में रखते हुए सभी के लिए एक समान व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा बॉक्स वाले बेड रखने का सुझाव दिया।

उन्होंने विद्यालय में बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की व्यवस्था को संतोषजनक पाया। साथ ही छात्राओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा स्वास्थ्य विभाग की टीम के माध्यम से नियमित टीकाकरण एवं स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल