गोंडा : ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से लगी आग में चालक की जलकर मौत

 

गोंडा, 26 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में ईंट भट्ठे पर काम कर रहे एक श्रमिक (चालक) की जलकर मृत्यु हो गई। ईंट उतारते समय ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से डीजल बह गया। जिसने भट्ठे की चिंगारी से आग पकड़ ली। आग की चपेट में आने से श्रमिक ट्रॉली के नीचे फंस गया।

गोंडा जिले के खोड़ारे थाना क्षेत्र अंतर्गत कूकनगर ग्रांट भरपुरवा स्थित रतन ईंट भट्ठे के पास रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। ईंट उतारने के दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे ट्रैक्टर की टंकी से डीजल रिसने लगा। इसी दौरान भट्ठे से उठी चिंगारी के संपर्क में आने पर डीजल ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते ट्रैक्टर-ट्रॉली आग की लपटों में घिर गई।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान बस्ती जिले के गौर थाना क्षेत्र के बेलहरिया गांव निवासी राकेश कुमार उर्फ धन्नू (35) के रूप में हुई है। वह घटना के समय भट्ठे पर ईंट उतारने का कार्य कर रहा था। हादसे के दौरान वह ट्रॉली के नीचे दब गया और आग की चपेट में आ गया।

स्थानीय लोगों ने आग बुझाने और श्रमिक को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता के कारण सफलता नहीं मिल सकी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन की सहायता से शव को बाहर निकलवाया गया।

क्षेत्राधिकारी मनकापुर उदित नारायण पालीवाल ने बताया कि रविवार को खोड़ारे थाना क्षेत्र अंतर्गत एक ट्रैक्टर ट्राली पलट गई। पलटते ही आग लग गई और हादसे में ट्रैक्टर चालक राजेश उर्फ धुन गंभीर रूप से झुलस गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत बचाव कार्य कर शव को बाहर निकाल कर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेंद्र कुमार तिवारी