नकली सोना बेचकर ठगी करने वाले सात दोषियों को चार-चार वर्ष की सजा

 


औरैया, 31 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सदर कोतवाली क्षेत्र में छह माह पुराने धोखाधड़ी और टप्पेबाजी के मामले में न्यायालय ने मंगलवार को कड़ा फैसला सुनाते हुए सात लोगों को दोषी ठहराया है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट निधि सिसौदिया ने सभी दोषियों को चार-चार वर्ष के कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही प्रत्येक पर तीन-तीन हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया। अर्थदंड अदा न करने पर अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।

मामला उस समय का है जब उड़ीसा के जिला जाजपुर निवासी तीन महिलाओं समेत सात लोगों शहर के एक व्यापारी को नकली सोना असली बताकर ठगने का प्रयास किया था। आरोपितों में दुखिया नायक, प्रताप सौंधी, राजू, माइकिल, शिवा, मीणा सरसा और दुर्गा प्रधान शामिल हैं।

अभियोजन पक्ष के अनुसार, सदर बाजार होमगंज निवासी सत्यजीत ने कोतवाली औरैया में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 8 अक्टूबर 2025 की शाम करीब चार बजे खानपुर चौराहा स्थित उनकी ‘वैष्णवी ट्रैवलर्स’ की दुकान पर सात लोग पहुंचे। उन्होंने दावा किया कि उन्हें ट्रेन में करीब एक किलो सोना मिला है, जिसकी कीमत लगभग एक करोड़ रुपये है, लेकिन वे इसे सस्ते में बेचने को तैयार हैं।

वादी ने सोने की जांच कराने की बात कही, जिस पर आरोपितों ने लाल कपड़े में लिपटा करीब पांच ग्राम सोना दिखाते हुए एडवांस के तौर पर पैसे मांगे। विश्वास में आकर वादी ने उन्हें पांच हजार रुपये दे दिए और शेष भुगतान जांच के बाद करने को कहा। जब वह सोने की जांच कराने सुनार के पास गया, तो वह पूरी तरह नकली निकला। इस बीच आरोपी मौके से फरार हो गए। वापस लौटने पर वादी ने पाया कि दुकान में रखे दो एम्प्लीफायर, एक मोबाइल फोन और पांच हजार रुपये नकद भी गायब हैं। तत्काल खोजबीन के बाद भी आरोपी नहीं मिले, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

पुलिस ने जांच कर सभी आरोपितों को गिरफ्तार किया और न्यायालय में आरोप पत्र प्रस्तुत किया। सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने आरोपितों को गरीब बताते हुए राहत की मांग की, जबकि अभियोजन पक्ष ने अपराध को गंभीर बताते हुए कड़ी सजा की अपील की।

दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद न्यायालय ने सभी आरोपितों को दोषी करार देते हुए 4-4 साल की सजा सुनाई। उक्त सभी दोषियों को जिला कारागार इटावा भेज दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार