जीएलए छात्र रौनक उपमन्यु लंदन में करेंगे बैरिस्टर की पढ़ाई, विश्वविद्यालय उठाएगा पूरा खर्च
मथुरा, 09 सितम्बर(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के जीएलए विश्वविद्यालय में विधि संकाय के मेधावी छात्र रौनक उपमन्यु का चयन लंदन की क्वीन मैरी लॉ यूनिवर्सिटी में बैरिस्टर (एलएलबी) की पढ़ाई के लिए हुआ है। रौनक की इस उपलब्धि पर उनकी पढ़ाई और रहने का पूरा खर्च जीएलए विश्वविद्यालय वहन करेगा। वह गुरुवार को लंदन के लिए रवाना होंगे। यह जानकारी बुधवार दोपहर जीएलए विवि के सीएफओ डा. विवेक अग्रवाल ने दी है।
रौनक ने मून (एमयूएन) और यूथ पार्लियामेंट की 596 प्रतियोगिताओं में भाग लेकर 312 में प्रथम स्थान हासिल कर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया है। साथ ही उन्होंने ऑल इंडिया बार काउंसिल की परीक्षा भी पहले प्रयास में उत्तीर्ण की है। उनकी इस उपलब्धि पर कुलाधिपति नारायण दास अग्रवाल, कुलपति प्रो. अनूप कुमार गुप्ता और सीएफओ डॉ. विवेक अग्रवाल ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
रौनक, ब्रज प्रेस क्लब के अध्यक्ष डॉ. कमलकांत उपमन्यु के पुत्र हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार