लखनऊ में पूर्वांचल के पारंपरिक स्वाद को नई पहचान : अभिषेक सिंह

 


लखनऊ, 21 मार्च (हि.स.)। पूर्वांचल के पारंपरिक स्वाद को लखनऊ में एक नई पहचान देने का प्रयास किया गया है, जहां लोगों को खालिस बनारसी और पूर्वांचली व्यंजनों का असली स्वाद एक ही स्थान पर मिल सकेगा। हमारी कोशिश है कि क्षेत्रीय खान-पान की समृद्ध विरासत को संरक्षित रखते हुए उसे नई पीढ़ी तक पहुंचाया जाए, साथ ही स्वच्छता, गुणवत्ता और किफायती दरों पर बेहतर सेवा उपलब्ध कराई जाए। यह बातें शनिवार को काशीवन जलपान भवन के संस्थापक अभिषेक सिंह ने कहीं।

पूर्वांचल के पारंपरिक स्वाद और सांस्कृतिक विरासत को लखनऊ में साकार करते हुए काशीवन जलपान भवन का भव्य शुभारंभ सहारा प्लाजा, पत्रकारपुरम, गोमतीनगर में सम्पन्न हुआ। संस्थान का शुभारंभ, लखनऊ पूर्व के विधायक ओपी श्रीवास्तव ने अपने कर-कमलों द्वारा फीता काट कर किया।

शुभारंभ समारोह में शहर की अनेक जानी-मानी हस्तियों एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। उपस्थित अतिथियों ने काशीवन जलपान भवन द्वारा तैयार किए गए विभिन्न पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लिया और उनकी गुणवत्ता एवं विशिष्टता की सराहना की।

संस्थान के संस्थापक अभिषेक सिंह ने बताया कि काशीवन जलपान भवन में खालिस बनारसी एवं पूर्वांचली स्वाद के व्यंजन जैसे कचौड़ी, समोसा, फरा, टमाटर चाट, सत्तू पराठा, बाटी-चोखा सहित अन्य पारंपरिक पकवान उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल लखनऊवासियों को पूर्वी उत्तर प्रदेश के असली स्वाद से परिचित कराएगी, बल्कि क्षेत्रीय खान-पान संस्कृति को भी बढ़ावा देगी।

उन्होंने आगे बताया कि संस्थान की प्राथमिकता स्वच्छता, गुणवत्ता और किफायती दरों पर उत्कृष्ट स्वाद उपलब्ध कराना है, ताकि हर वर्ग के लोग पारंपरिक व्यंजनों का आनंद ले सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप