औरैया : युवती ने फांसी लगाकर दी जान
औरैया, 20 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में दिबियापुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बिनपुरापुर के मजरा चिटकइयन पुरवा में सोमवार सुबह 19 वर्षीय युवती का शव घर के कमरे में छत की कुंडी से साड़ी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में
लेकर कार्रवाई की।
दिबियापुर थाना प्रभारी पंकज मिश्रा ने बताया कि मृतका की पहचान खुशबू (19) पुत्री अखिलेश के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, बेटी रविवार रात अपने कमरे में सोने गई थी। आज सुबह जब उसकी मां सरोजनी देवी उसे जगाने पहुंचीं तो कमरे के अंदर बेटी खुशबू का शव फंदे से लटका देखा परिवारीजनाें काे घटना की जानकारी दी। इस सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों ने बताया कि मृतक खुशबू परिवार में सबसे छोटी थी। उसके पिता का दो वर्ष पूर्व एक सड़क हादसे में निधन हो चुका है, जिसके बाद परिवार की जिम्मेदारी उसके भाइयों ने संभाली। उसके सभी भाई दिल्ली में रहकर मेहनत-मजदूरी करते हैं। पूछताछ में पता
चला है कि मृतक युवती की शादी अछल्दा क्षेत्र में तय हो चुकी थी और करीब एक माह पूर्व ही उसकी गोद भराई की रस्म भी पूरी हुई थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और खुशियों का माहौल था, लेकिन इस अचानक घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
थाना प्रभारी पंकज मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार