कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय : शिक्षिकाओं पर उत्पीड़न के आरोप, छात्राओं ने धरना प्रदर्शन कर लगाया जाम
बीएसए ने कहा-दाे शिक्षिकाओं के आपसी राजनीति से विवाद बढ़ा
अमेठी, 2 दिसंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, शुकुल बाजार की छात्राओं ने मंगलवार को विद्यालय की दो शिक्षिकाओं पर उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाते हुए थाने के सामने सड़क जाम कर दिया। छात्राएँ और उनके परिजन आरोपी शिक्षिकाओं पर मुकदमा दर्ज कराने की मांग पर घंटों अड़े रहे। इससे काफी देर तक यातायात बाधित रहा।
मंगलवार को दोपहर में विद्यालय की लगभग पचास छात्राएँ अपने परिजनों के साथ थाने पहुंचीं और शिक्षिकाओं पर मानसिक, जातिगत व शारीरिक उत्पीड़न के आरोप लगाते हुए नारेबाजी करने लगीं। परिजन राहुल बौद्ध की ओर से दी गई तहरीर में कहा गया है कि शिक्षिका नीतू श्रीवास्तव बच्चियों के साथ जाति सूचक टिप्पणियाँ करती हैं और नाम काट देने की धमकी देती हैं। छात्राओं का आरोप है कि शिक्षिकाएँ न केवल उन्हें प्रताड़ित करती हैं, बल्कि अन्य छात्राओं और अपनी बेटियों से गाली-गलौज और मारपीट करवाने तक के लिए उकसाती हैं। इससे बच्चियाँ भय और तनाव का माहौल झेलने को मजबूर हैं।
सूचना पर खंड शिक्षा अधिकारी शैलेंद्र शुक्ला, थाना अध्यक्ष विवेक वर्मा और विक्रमादित्य तिवारी मौके पर पहुंचे और छात्राओं व परिजनों को शांत कराने का प्रयास किया। लेकिन आरोपी शिक्षिकाओं पर कार्रवाई की मांग पर अड़े परिजन और छात्राएँ पीछे हटने को तैयार नहीं हुए। बाद में पुलिस ने जाम हटवाकर स्थिति सामान्य कराई।
इस मामले पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय कुमार तिवारी ने बताया कि विद्यालय की शिक्षिकाएँ अर्चना बौद्ध और नीतू श्रीवास्तव के बीच काफी समय से विवाद चल रहा है, जिसके चलते विद्यालय का माहौल खराब हो रहा था। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी के अनुमोदन के उपरांत दोनों शिक्षिकाओं का स्थानांतरण (एक का तिलोई और दूसरी का बहादुरपुर) कर दिया गया है। किंतु दोनों शिक्षिकाएं जाना नहीं चाहती हैं और अपने-अपने समर्थक बच्चों के माध्यम से यह धरना प्रदर्शन करवा रही है। बीएसए ने स्पष्ट किया कि यदि दोनों शिक्षिकाएँ अपने नए कार्यस्थल पर जल्द ज्वाइन नहीं करतीं तो उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी