नीम के पेड़ पर लटका मिला युवती का शव

 


औरैया, 02 मई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश में औरैया जनपद के अयाना थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रेमनगर गांव में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 19 वर्षीय युवती का शव उसके घर के बाहर नीम के पेड़ से लटका मिला। घटना की जानकारी पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतका की पहचान प्रेमनगर निवासी शिवानी पुत्री पल्लू सिंह दोहरे के रूप में हुई है। शिवानी ने इंटरमीडिएट तक पढ़ाई की थी, जिसके बाद उसने आगे की पढ़ाई छोड़ दी थी। घटना के समय उसने घर के बाहर स्थित नीम के पेड़ पर दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही अयाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है, जिससे मामले को लेकर कई तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।

परिजनों के अनुसार, शिवानी के पिता पल्लू सिंह खेती-किसानी का कार्य करते हैं, जबकि उसकी मां श्री देवी गृहिणी हैं। परिवार में बड़ी बहन रश्मि की शादी हो चुकी है, जबकि दो छोटे भाई शिवम और छोटू हैं।

थाना प्रभारी जयप्रकाश पाल ने बताया कि आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार