सिलाई सीखने आई युवती ने फंदा लगाकर दी जान

 


कानपुर, 05 नवंबर (हि.स.)। कल्याणपुर में गुरुवार को एक युवती ने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने खिड़की से अंदर झांका तो उसका शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

मृतका की पहचान कन्नौज के तालग्राम निवासी आदेश कुमार की बेटी संध्या (20) के रूप में हुई। उसके पिता मजदूरी करते हैं। संध्या करीब छह महीने पहले सिलाई सीखने के लिए कानपुर आई थी। वह कल्याणपुर के तिरंगा चौराहे के पास खुर्द इलाके में रहने वाले अपने चाचा रमन और चाची आरती के घर रह रही थी। परिजनों के मुताबिक, संध्या सिलाई सीखना चाहती थी। उसकी इच्छा पूरी करने के लिए पिता ने उसे कानपुर में रहने वाले भाई के घर भेजा था।

गुरुवार को संध्या अपने कमरे में अकेली थी। काफी देर तक बाहर नहीं निकलने पर चाची आरती उसके कमरे के पास पहुंचीं। कई बार दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका होने पर उन्होंने खिड़की से अंदर देखा तो संध्या का शव फंदे से लटक रहा था। उनकी चीख सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए।

संध्या पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर थी। उसके दो भाई सौरभ और गौरव हैं। बेटी की मौत की सूचना मिलते ही मां गीता समेत परिवार के लोग कन्नौज से कानपुर पहुंच गए। घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने बताया कि उन्हें संध्या की किसी परेशानी या विवाद के बारे में जानकारी नहीं थी।

कल्याणपुर थाना प्रभारी केशव तिवारी ने बताया कि सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। युवती ने आत्महत्या क्यों की, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप