मुरादाबाद में शारदीय नवरात्र प्रारंभ होने पर घरों से मंदिरों तक हुई घट स्थापना

 


- श्री काली माता मंदिर व श्री नौ देवी काली माता मंदिर परिसर में नवदिवसीय मेला शुरू

मुरादाबाद, 11 अक्टूबर (हि.स.)। जनपद में रविवार को शारदीय नवरात्र प्रारंभ होने के अवसर पर घरों व मंदिरों में कलश पूजन के साथ घट स्थापना हुई। भक्तों ने माता रानी की पूजा अर्चना करने के साथ अग्यारी की और लौंग का जोड़ा चढ़कर नवरात्रि व्रत का संकल्प लिया। लालबाग स्थित श्री काली माता मंदिर व श्री नौ देवी काली माता मंदिर के परिसर में नवदिवसीय मेला शुरू हो गया। श्री काली माता मंदिर व श्री नौ देवी काली माता मंदिर मैं आज तड़के 5 से भक्तों का आवागमन शुरू हो गया। माता रानी के दर्शन करने के साथ श्रद्धालुओं ने माता रानी को चुनरी श्रृंगार फल फूल प्रसाद इत्यादि चढ़कर घर परिवार में खुशहाली की कामना की।

इसके अलावा शारदीय नवरात्र प्रारंभ होने के अवसर पर मुरादाबाद जनपद के प्राचीन सिद्ध पीठ माता मंदिरों और गली मोहल्ले व कॉलोनी में बने मंदिरों में पूजा अर्चना के साथ संकीर्तन का आयोजन किया गया और शाम को महा आरती के बाद प्रसाद वितरित हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल